Breaking News

इंडियन शिप 'दिशा' ने होर्मुज पार किया, 18 जून को भारत पहुंचेगा: शिपिंग मंत्रालय     |   कर्नाटक CM ने बिदादी टाउनशिप प्रोजेक्ट का बचाव किया, बोले- विपक्ष कर रहा राजनीति     |   ‘वैश्विक संस्थाओं को 21वीं सदी के अनुसार बदलना है’, स्लोवाकिया में PM मोदी ने कहा     |   प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्लोवाकिया की कंपनियों को भारत आने का न्योता दिया     |   ‘हमने अपनी ताकतों को जोड़ा है’, स्लोवाकिया में बोले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी     |  

दोहा डायमंड लीग से वापसी करेंगे नीरज चोपड़ा, अरशद नदीम का नाम सूची में नहीं

Doha Diamond League: भारत के भालाफेंक स्टार नीरज चोपड़ा 19 जून को होने वाली दोहा डायमंड लीग के जरिये प्रतिस्पर्धा में वापसी करेंगे। टोक्यो ओलंपिक 2020 चैंपियन और पेरिस ओलंपिक 2024 के रजत पदक विजेता चोपड़ा ने 2025 विश्व चैंपियनशिप में निराशाजनक आठवें स्थान पर रहने के बाद प्रतिस्पर्धा में हिस्सा नहीं लिया है। दोहा डायमंड लीग में भालाफेंक की प्रविष्टियों में चोपड़ा का नाम शामिल है। उन्होंने पिछले साल इसी टूर्नामेंट में 90 मीटर का आंकड़ा पारी किया था।

हरियाणा के 28 वर्ष के नीरज चोपड़ा इस समय स्विटजरलैंड के बियेने में अपने फिजियो ईशान मारवाहा और कोच जय चौधरी के साथ 47 दिन के आफ सीजन अभ्यास शिविर में भाग ले रहे हैं। आगामी राष्ट्रमंडल खेलों के लिये रविवार को घोषित भारतीय एथलेटिक्स टीम में भी चोपड़ा का नाम सशर्त शामिल किया गया है।

उन्हें इसके लिए भारतीय एथलेटिक्स महासंघ का 82.61 मीटर का क्वालीफिकेशन मार्क हासिल करना होगा। अगर वह ग्लास्गो में अगले महीने होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में भाग लेते हैं तो भारत के तीन भालाफेंक खिलाड़ी चुनौती पेश करेंगे।

रोहित यादव और यशवीर भारतीय एथलेटिक्स सीरिज 9 के जरिए क्वालीफाई कर चुके हैं। दोहा डायमंड लीग में मौजूदा विश्व चैम्पियन त्रिनिदाद और टोबैगो के केशोर्न वालकॉट और हाल ही में रोम डायमंड लीग में 92.62 मीटर का थ्रो फेंकने वाले श्रीलंका के रूमेश तरंगा पथिरागे भाग लेंगे।

पेरिस ओलंपिक चैंपियन पाकिस्तान के अरशद नदीम का नाम सूची में नहीं है। ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स (सत्र का सर्वश्रेष्ठ 86.08 मीटर) अमेरिका के कुर्टिस थॉम्पसन (85.33 मीटर), चेक गणराज्य के याकूब वालेश (85.24 मीटर) के नाम प्रतियोगियों की सूची में हैं।

नीरज चोपड़ा ने दोहा में 90.23 मीटर का थ्रो फेंका था लेकिन जर्मनी के जूलियन वेबर ने छठे और आखिरी थ्रो में 91.06 मीटर फेंककर खिताब जीता।