Breaking News

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चीन पहुंचे     |   पूर्व बाहुबली विधायक विजय मिश्रा को उम्रकैद की सजा     |   राहुल गांधी आज शाम 5.30 बजे खड़गे से करेंगे मुलाकात     |   करनाल: सिंगर दिलजीत दोसांझ के मैनेजर के घर फायरिंग     |   भोपाल: निशातपुरा इलाके में लगी आग, चपेट में कमर्शल बिल्डिंग     |  

आईसीसी पुरूष टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग जारी, भारत शीर्ष पर बरकरार

ICC T20 Rankings: तीन बार के विश्व कप विजेता भारत ने मंगलवार को आईसीसी टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा जबकि इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। भारत मार्च में इतिहास रचते हुए टी20 विश्व कप का खिताब सफलतापूर्वक बचाव करने वाली पहली टीम बना था। साथ ही टीम ने रिकॉर्ड तीसरी बार यह खिताब जीता था। भारत ने श्रीलंका के साथ मिलकर इस टूर्नामेंट की मेजबानी की थी।

आईसीसी ने अपनी वेबसाइट पर कहा, ‘‘नवीनतम रैंकिंग में मई 2025 के बाद खेले गए सभी मुकाबलों को शत प्रतिशत और उससे पिछले दो वर्षों के मुकाबलों को 50 प्रतिशत भार दिया गया है।’’ आईसीसी ने कहा, ‘‘275 अंक के साथ शीर्ष पर काबिज भारत की इंग्लैंड (262 अंक) पर बढ़त एक अंक कम हुई है जबकि ऑस्ट्रेलिया 258 अंक के साथ तीसरे स्थान पर इंग्लैंड के और करीब आ गया है।’’ दो बार के विजेता इंग्लैंड के 262 जबकि एक बार के चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के 258 अंक हैं। आईसीसी टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में शीर्ष सात टीम की स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

न्यूजीलैंड (247), दक्षिण अफ्रीका (244), पाकिस्तान (240) और वेस्टइंडीज (233) अपने-अपने स्थानों पर बरकरार हैं। हालांकि श्रीलंका (221) को छह रेटिंग अंक का नुकसान हुआ है जिससे वह नौवें स्थान पर खिसक गया है। वहीं बांग्लादेश (225) एक स्थान ऊपर आठवें स्थान पर पहुंच गया है। अफगानिस्तान (220) 10वें स्थान पर है और श्रीलंका और उसके बीच का अंतर बहुत कम है। जिम्बाब्वे और आयरलैंड क्रमशः 11वें और 12वें स्थान पर हैं।

आईसीसी ने कहा, ‘‘उत्तरी अमेरिका में क्रिकेट की उभरती हुई शक्ति अमेरिका ने छह अंक हासिल करते हुए दो स्थान की छलांग लगाई है। वह 13वें स्थान पर पहुंच गया है और उसने नीदरलैंड (14वें) तथा स्कॉटलैंड (15वें) को पीछे छोड़ दिया है।’’

आईसीसी ने कहा, ‘‘नामीबिया 16वें स्थान पर बरकरार है जबकि नेपाल (17वें) और ओमान (19वें) को एक-एक स्थान का फायदा हुआ है। उन्होंने क्रमशः यूएई(18वें) और कनाडा (20वें) को पीछे छोड़ा।’’ आईसीसी ने साथ ही बताया कि रैंकिंग में शामिल टीम की संख्या 102 से घटकर 98 हो गई है क्योंकि पिछले तीन साल में जरूरी आठ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने में नाकाम रहने के कारण फिजी, गाम्बिया, यूनान और इजराइल इस सूची में जगह नहीं बना पाए।