IND vs AFG ODI: स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या और सीनियर बल्लेबाज रोहित शर्मा को भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) की खेल विज्ञान टीम ने रविवार से अफगानिस्तान के खिलाफ धर्मशाला में शुरू होने वाली तीन मैच की एकदिवसीय श्रृंखला में खेलने की मंजूरी दे दी।
पंड्या और रोहित चोटों के कारण मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल के कई मैच नहीं खेल पाए थे। जहां पंड्या पीठ में ऐंठन की समस्या से जूझ रहे थे तो वहीं रोहित की पैर की मांसपेशियों में खिंचाव था। पंड्या दो जून से बेंगलुरू में सीओई में हैं। बीसीसीआई के एक सूत्र ने बताया, ‘‘दो जून को सीओई में आने से पहले हार्दिक विदेश में छुट्टियां मना रहे थे। अगले पांच दिन में उन्होंने मैच जैसी कई स्थितियों में तैयारी की और 10 ओवर (पूरा कोटा) तक गेंदबाजी भी की।’’
सूत्र ने कहा, ‘‘उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई और जानकारी के मुताबिक सीओई में स्ट्रेंथ और अनुकूलन कोच ने अलग-अलग पैमानों पर उनकी फिटनेस को मंजूरी दे दी है।’’ पूर्व कप्तान रोहित भी पैर की मांसपेशियों में खिंचाव की जांच के लिए सीओई में थे और जांच के बाद उन्हें भी खेलने की स्वीकृति मिल गई है। सोमवार को भारत के सहायक कोच सितांशु कोटक ने कहा था कि भले ही उनके पास पंड्या की फिटनेस के बारे में कोई ताजा जानकारी नहीं है लेकिन उन्हें लगता है कि यह ऑलराउंडर ठीक है।
पंड्या भारत की सीमित ओवरों की टीम के लिए एक अहम खिलाड़ी हैं क्योंकि वह अपनी तेज गेंदबाजी और डेथ ओवरों में आक्रामक बल्लेबाजी से टीम को संतुलन देते हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि पंड्या ट्रेनिंग सत्र में 10 ओवर गेंदबाजी कर रहे हैं जिसका मतलब है कि वह 50 ओवर के क्रिकेट की चुनौतियों के लिए तैयार हैं। हालांकि यह साफ नहीं है कि पंड्या चंडीगढ़ में दूधिया रोशनी में होने वाले ट्रेनिंग सत्र के लिए टीम से जुड़ेंगे या सीधे धर्मशाला पहुंचेंगे जैसा कि पहले तय किया गया था।
स्टार बल्लेबाज विराट कोहली पैर की मांसपेशियों में खिंचाव के कारण पहले ही श्रृंखला से बाहर हो गए हैं। धर्मशाला के अलावा इस श्रृंखला के अन्य मैच लखनऊ और चेन्नई में होंगे।