IPL 2026: पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने गुरुवार को घोषणा की कि चोटिल जेमी ओवरटन की जगह डायन फॉरेस्टर को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के शेष मैचों के लिए टीम में शामिल किया गया है। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ओवरटन दाहिनी जांघ में चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं और आगे की जांच और इलाज के लिए यूनाइटेड किंगडम लौट रहे हैं।
फॉरेस्टर ओवरटन के स्थान पर 75 लाख रुपये में सीएसके में शामिल होंगे। दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर फॉरेस्टर ने मार्च 2026 में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना डेब्यू किया था और पांच अंतरराष्ट्रीय मैचों में 83 रन बनाए हैं। इस ऑलराउंडर ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 45 से अधिक के औसत से 1000 से अधिक रन बनाए हैं और लिस्ट ए क्रिकेट में भी उनका औसत 50 से अधिक है। टी20 मैचों में उन्होंने 140 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 681 रन बनाए हैं।
ओवरटन इस सीजन में सीएसके के दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं, जिन्होंने 17.78 के औसत और 18.89 के इकॉनमी रेट से 14 विकेट लिए हैं। दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज को 11 मई को चेपॉक में लखनऊ के खिलाफ सीएसके की पांच विकेट की जीत में 3/36 विकेट लेने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था।
सीएसके ने बुधवार को चोटिल रामकृष्ण घोष के स्थान पर ऑलराउंडर मैकनील नोरोन्हा को टीम में शामिल करने की घोषणा की थी। गेंदबाजी ऑलराउंडर घोष ने इस आईपीएल सीजन में सिर्फ एक मैच खेला था, जो 2 मई को मुंबई इंडियंस के खिलाफ था। इस मैच में उनके दाहिने पैर में चोट लग गई थी। उन्हें सीजन के बाकी बचे मैचों से बाहर कर दिया गया है।
कर्नाटक के ऑलराउंडर मैकनील 30 लाख रुपये में सीएसके में शामिल होंगे। नोरोन्हा को हाल ही में 2024/25 कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी में सर्वोच्च रन बनाने के लिए नमन पुरस्कार समारोह में एमए चिदंबरम ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।
उन्होंने 14 पारियों में 1,037 रन बनाए, जिसमें उनका उच्चतम स्कोर 345 और औसत 79.77 रहा। सुपर किंग्स का अगला मुकाबला 15 मई को लखनऊ में लखनऊ सुपर जायंट्स से होगा।