IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में भुवनेश्वर कुमार का जलवा देखने को मिल रहा है। 36 साल की उम्र में भी भुवनेश्वर कहर बरपा रहे हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू का यह तेज गेंदबाज मौजूदा सीजन में विकेट लेने के मामले में सबसे आगे निकल गया। वह नौ मैच में 17 विकेट झटक चुके हैं। खास बात है कि उनकी इकॉनमी आठ से नीचे है।
भुवनेश्वर ने गुरुवार (30 अप्रैल) को गुजरात टाइटंस के खिलाफ घातक गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 28 रन देकर तीन विकेट झटके। उन्होंने जीटी के टॉप-3 बल्लेबाजों साई सुदर्शन, कप्तान शुभमन गिल और जोस बटलर को चलता किया। भुवनेश्वर के पास शुरुआती ओवरों में गेंद को स्विंग कराने की अद्भुत क्षमता है। उनकी मध्यम गति और सटीक लाइन-लेंथ के कारण, बल्लेबाज को पावरप्ले में रन बनाने के लिए संघर्ष करना पड़ता है।
भुवनेश्वर 2016 और 2017 में लगातार दो सीजन में पर्पल कैप जीत चुके हैं और अब तीसरी बार यह पुरस्कार जीतने की दौड़ में हैं। यह उपलब्धि लीग में उनकी विरासत को और मजबूत करेगी। भुवनेश्वर के बाद इस रेस में दूसरे नंबर पर ईशान मलिंगा हैं, जिन्होंने 15 विकेट झटके हैं, जबकि जोफ्रा आर्चर, अंशुल कंबोज और कगिसो रबाडा ने 14-14 विकेट लिए हैं।