Breaking News

कांग्रेस को पूर्व मुख्यालय 24 अकबर रोड खाली करने का फाइनल नोटिस     |   इजरायल पर ईरान का बड़ा हमला, तेल अवीव समेत कई शहरों पर मिसाइल-ड्रोन स्ट्राइक     |   आम आदमी पार्टी विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा और उनके तीन साथी गिरफ्तार     |   अमेरिका-इजरायल से जंग के बीच ईरान की पहल, पड़ोसी देशों को दिया सैन्य गठबंधन का न्योता     |   मिडिल-ईस्ट जंग से ग्लोबल ऑयल रिस्क बढ़ा, फिलीपींस ने किया इमरजेंसी का ऐलान     |  

रोहित शर्मा के संन्यास पर BCCI के वाइस प्रेसिडेंट राजीव शुक्ला का बयान

भारतीय क्रिकेट बोर्ड के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने गुरुवार को कहा कि रोहित शर्मा का टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेना एक निजी फैसला था और बीसीसीआई ने उन पर ऐसा करने के लिए कोई दबाव नहीं डाला था। रोहित ने 20 जून से इंग्लैंड में शुरू होने वाली पांच मैचों की टेस्ट श्रृंखला से पहले बुधवार को संन्यास की घोषणा की। राजीव शुक्ला ने कहा, ‘‘जहां तक टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का सवाल है तो रोहित ने अपना फैसला खुद किया है। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारी नीति है कि जो खिलाड़ी संन्यास का फैसला लेते हैं, हम उन पर कोई दबाव नहीं डालते और हम उन्हें कुछ सुझाव भी नहीं देते हैं, हम कुछ नहीं कहते हैं। ’’

राजीव शुक्ला ने कहा कि पांच दिवसीय क्रिकेट में उनका योगदान बहुत बड़ा है, उन्होंने कहा, ‘‘हम उनकी जितनी प्रशंसा करें, उतनी कम है। वह एक महान बल्लेबाज हैं। अच्छी बात यह है कि उन्होंने अभी तक क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला नहीं किया है (क्योंकि वह अब सिर्फ वनडे खेलेंगे)। इसलिए हम निश्चित रूप से उनके अनुभव और प्रतिभा का फायदा उठाएंगे।’’

रोहित के कप्तानी का पद छोड़ने के बाद, ये देखना बाकी है कि भारत की टेस्ट कप्तानी किसे सौंपी जाती है। जसप्रीत बुमराह, केएल राहुल और शुभमन गिल दावेदारों में शामिल हैं। कप्तानी के लिए संभावित खिलाड़ियों के नाम के बारे में पूछने पर शुक्ला ने कहा कि ये पूरी तरह से चयन समिति का अधिकार है। उन्होंने कहा, ‘‘किसी तरह की अटकलें नहीं होनी चाहिए। चयनकर्ता तय करेंगे और आपको बताएंगे कि कप्तान कौन है। यह पूरी तरह से उनका फैसला है।’’