Breaking News

पीएम मोदी ने कतर के शेख से बात की, दोहा हमले पर जताई चिंता     |   Gen-Z आंदोलन के पीछे बड़ा षडयंत्र- अपदस्थ पीएम केपी ओली     |   एशिया कपः भारत ने टॉस जीतकर यूएई के खिलाफ गेंदबाजी का लिया फैसला     |   नेपाल: हिंसा में अब तक 30 लोगों की मौत, 1,033 घायल     |   कांकेर: मुठभेड़ में आठ लाख का इनामी नक्सली मासा मारा गया     |  

Ayodhya में राम दरबार की हुई प्राण प्रतिष्ठा, CM Yogi है मुख्य अतिथि

अयोध्या के रामजन्मभूमि मंदिर में आज राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा हो गई है। इसके साथ ही उप मंदिरों में स्थापित मूर्तियों की भी प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम जारी है। इस मौके पर राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बतौर मुख्य अतिथि समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री योगी ने राम दरबार के विग्रह की आरती उतारी। बता दें कि संयोग से आज सीएम योगी आदित्यनाथ का जन्मदिन भी है।

प्राण प्रतिष्ठा समारोह सुबह 11 बजे से शुरू हुआ और विशेष पूजा-अर्चना, हवन और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच देव विग्रहों की स्थापना हुए। राम मंदिर के फर्स्ट फ्लोर पर स्थित भव्य रामदरबार और गर्भगृह के चारों कोनों में बने परकोटे के सात अन्य मंदिरों में भी प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। यह आयोजन 101 वैदिक आचार्यों द्वारा संपन्न होगा। 

अभिजीत मुहूर्त और स्थिर लग्न में प्राण प्रतिष्ठा हुई। यह पूजा 17 मिनट के विशेष कालखंड में हो रही है जो दिन के 11.45 बजे से 12.45 बजे के बीच होता है। ऐसी मान्यता है कि अभिजीत मुहूर्त दिन का सबसे शुभ और पवित्र समय होता है। इसलिए इसी समय में रामदबार में प्राण प्रतिष्ठा होगी।सीएम योगी आदित्यनाथ आज सुबह 11 बजे अयोध्या पहुंचे। श्रीरामकथा पार्क के हेलीपैड से उन्होंने सीधे हनुमानगढ़ी जाकर दर्शन किए। फिर राम मंदिर परिसर में आयोजित रामदरबार प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल हुए। इस कार्यक्रम के बाद वे महंत नृत्य गोरपाल दास के जन्मोत्सव में शामिल होने मणिराम दास छावनी जाएंगे। इसके बाद वे रामकथा पार्क में नगर निगम और वन विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

अयोध्या के संतों-महंतों का कहना है कि यह आयोजन ऐतिहासिक होगा। संत समुदाय का कहना है, ‘‘मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम मंदिर निर्माण और अयोध्या के विकास के माध्यम से रामनगरी का खोया हुआ गौरव वापस लौटाया है। पिछले आठ वर्षों में अयोध्या में 32 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं ने शहर को वैश्विक स्तर पर नयी पहचान दी है।’’'सड़क, रेल, हवाई अड्डा, सौंदर्यीकरण और पर्यटन से जुड़ी परियोजनाओं ने अयोध्या को दुनिया के मानचित्र पर चमकदार बनाया है। रामकथा पार्क, सरयू तट का सौंदर्यीकरण और आधुनिक सुविधाओं से युक्त मंदिर परिसर इसकी बानगी हैं। मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर अयोध्या में उत्साह का माहौल है। 

संत-महंतों ने योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में अयोध्या आध्यात्मिक और सांस्कृतिक राजधानी के रूप में उभरी है। सरयू त्रयोदशी जन्मोत्सव के अवसर पर नदी तट पर विशेष आरती और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। प्रशासन ने इस भव्य आयोजन के लिए सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं। देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनने अयोध्या पहुंचने लगे हैं।