Breaking News

राजस्थान निकाय चुनाव 2026: नगर परिषद की 47 सीट का रुझान, 15 पर BJP आगे     |   यूपी सरकार का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 14 IAS और 34 PCS अफसरों के तबादले     |   तेलंगाना: तड़के बेकाबू बस ने कई वाहनों और होटल को रौंदा, 1 की मौत     |   राजस्थान निकाय चुनाव: 309 सीटों के नतीजे जारी, 163 पर जीती बीजेपी     |   राजस्थान निकाय चुनाव 2026: 92 सीटों पर बीजेपी की जीत, 58 पर कांग्रेस का कब्जा     |  

CM फडणवीस ने आवास पर किया बप्पा का स्वागत, गणेश चतुर्थी पर दी शुभकामनाएं

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गणेश चतुर्थी के मौके पर देश और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान गणेश से देश, महाराष्ट्र, नागरिकों और किसानों के सामने आने वाली परेशानियों और चुनौतियों को दूर करने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उनकी पत्नी अमृता फडणवीस ने अपने आधिकारिक आवास ‘वर्षा’ में भगवान गणेश की प्रतिमा का स्वागत किया।

सीएम फडणवीस ने कहा कि वह दुनिया भर में भगवान गणेश के सभी भक्तों को गणेश चतुर्थी और गणेश उत्सव की शुभकामनाएं देते हैं। उन्होंने भगवान गणेश से सभी लोगों के दुख दूर करने और जीवन की बाधाओं को खत्म करने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि भगवान गणेश देश, महाराष्ट्र, नागरिकों और किसानों के सामने मौजूद सभी चुनौतियों का सामना करने के लिए लोगों को क्षमता, शक्ति और सामर्थ्य प्रदान करें।

वहीं, अमृता फडणवीस ने कहा कि पूरे महाराष्ट्र में गणेश जी का बड़े उत्साह के साथ स्वागत किया गया है। उन्होंने कहा कि उनके घर पर भी भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई है और अगले 10 दिनों तक पूरे महाराष्ट्र में गणेश उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। भगवान गणेश के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाने वाला गणेश चतुर्थी का त्योहार महाराष्ट्र समेत पूरे देश में उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। घरों और पंडालों में सुबह की आरती, सांस्कृतिक कार्यक्रम और शोभायात्राओं का आयोजन हो रहा है।

मुंबई में 10 दिवसीय गणेश उत्सव के दौरान प्रसिद्ध लालबागचा राजा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों के बीच भक्त भगवान गणेश का आशीर्वाद ले रहे हैं। वहीं, नागपुर के श्री गणेश मंदिर टेकड़ी में भी गणेश चतुर्थी के अवसर पर मंगल आरती का आयोजन किया गया।