Breaking News

राजस्थान निकाय चुनाव 2026: नगर परिषद की 47 सीट का रुझान, 15 पर BJP आगे     |   यूपी सरकार का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 14 IAS और 34 PCS अफसरों के तबादले     |   तेलंगाना: तड़के बेकाबू बस ने कई वाहनों और होटल को रौंदा, 1 की मौत     |   राजस्थान निकाय चुनाव: 309 सीटों के नतीजे जारी, 163 पर जीती बीजेपी     |   राजस्थान निकाय चुनाव 2026: 92 सीटों पर बीजेपी की जीत, 58 पर कांग्रेस का कब्जा     |  

दिल्ली में बनेंगे 500 आधुनिक सार्वजनिक शौचालय, रेखा गुप्ता सरकार ने मंजूर किए 266 करोड़

दिल्ली में नागरिकों के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं देने के लिए रेखा गुप्ता सरकार ने पहले चरण में 500 आधुनिक सार्वजनिक शौचालय ब्लॉक बनाने का फैसला किया है। इस परियोजना के लिए व्यय वित्त समिति (EFC) ने 266.26 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।

इन शौचालयों का निर्माण दिल्ली सरकार के पर्यटन विभाग के माध्यम से कराया जाएगा। पहले चरण के सफल होने के बाद दूसरे चरण में 500 और सार्वजनिक शौचालय ब्लॉक बनाए जाने की योजना है। पूरी परियोजना को करीब 14 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रस्तावित सार्वजनिक शौचालयों में पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग शौचालय होंगे। दिव्यांगजनों समेत सभी लोगों की सुविधा के लिए रैंप की व्यवस्था की जाएगी। प्रत्येक ब्लॉक में केयरटेकर रूम और चौकीदार के लिए भी अलग स्थान होगा।

vg

महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यहां सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन और इस्तेमाल किए गए पैड के सुरक्षित निपटान के लिए सैनिटरी पैड इनसिनरेटर भी लगाए जाएंगे। इसके अलावा नागरिकों और पर्यटकों की रोजमर्रा की जरूरतों के लिए प्रत्येक शौचालय ब्लॉक में एक दुकान का प्रावधान होगा, जहां स्नैक्स, पेय पदार्थ और दैनिक उपयोग की चीजें मिल सकेंगी।

इन आधुनिक शौचालय ब्लॉकों में सोलर पैनल, CCTV कैमरे और मैकेनिकल वेंटिलेशन सिस्टम जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। लोगों को जरूरी जानकारी देने के लिए आउटडोर वीडियो वॉल डिस्प्ले बोर्ड भी लगाए जाएंगे। परियोजना में शौचालय भवनों के निर्माण के साथ बागवानी और फर्नीचर का काम भी शामिल है। दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (DTTDC) इस परियोजना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

पहले चरण में प्रस्तावित 500 शौचालयों को दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में बनाया जाएगा। इनमें:

  • 200 बाजार क्षेत्रों में

  • 97 हाईवे के आसपास

  • 57 कमर्शियल और इंडस्ट्रियल इलाकों में

  • 50 पर्यटन स्थलों के आसपास

  • 9 बड़े पार्कों आदि के पास बनाए जाएंगे।

क्षेत्रवार देखें तो 93 शौचालय दक्षिण-पश्चिम दिल्ली, 90 उत्तर-पश्चिम, 72 पश्चिम, 51 दक्षिण, 49 दक्षिण-पूर्व, 40 नई दिल्ली और 39 मध्य दिल्ली समेत अन्य क्षेत्रों में बनाए जाएंगे। सरकार का कहना है कि प्रमुख पर्यटन स्थलों, विरासत क्षेत्रों, बाजारों और व्यस्त मार्गों पर आधुनिक सार्वजनिक सुविधाएं विकसित होने से दिल्ली को नागरिकों के साथ पर्यटकों के लिए भी अधिक सुविधाजनक और आकर्षक बनाने में मदद मिलेगी।