बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोमवार को राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ सात नए जिला पार्टी कार्यालयों का उद्घाटन किया और दो अन्य कार्यालयों की आधारशिला रखी। इस दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल में 4 मई को बीजेपी सरकार बनने का भी दावा किया। टोंक में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नबीन ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सरकार की सराहना की। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के समय बिजली संकट से जूझ रहा राजस्थान अब उस स्थिति से बाहर निकल चुका है और सौर ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने ईस्टर्न राजस्थान कैनाल प्रोजेक्ट (ERCP) को भी एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
महिला आरक्षण बिल को लेकर नबीन ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जब मौका था, तब कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने महिलाओं की भागीदारी को रोकने का काम किया। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हमारी सरकार देश की माताओं-बहनों को सुरक्षा, सम्मान और आत्मसम्मान देने के लिए काम कर रही है।”
बीजेपी के संगठनात्मक ढांचे पर बोलते हुए नबीन ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य केवल दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनना नहीं, बल्कि सबसे लोकप्रिय पार्टी बनना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं की मेहनत को पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बताया और युवाओं से इसे आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यालय केवल ईंट-पत्थर की इमारत नहीं होते, बल्कि यह विचार और संकल्प के केंद्र होते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी की सबसे बड़ी ताकत उसके कार्यकर्ता हैं।
पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर नबीन ने विश्वास जताया कि 4 मई को राज्य में बीजेपी की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि पहले चरण में हुए मतदान में भारी भागीदारी देखने को मिली है, जो लोकतंत्र की मजबूती को दर्शाता है। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में पहले चरण का मतदान 91.78 प्रतिशत के रिकॉर्ड स्तर पर दर्ज किया गया। वहीं, दूसरे चरण के लिए 29 अप्रैल को 142 सीटों पर मतदान होगा और मतगणना 4 मई को की जाएगी।