Breaking News

पीएम नरेंद्र मोदी ने कुवैत पर हुए हमलों की भारत की ओर से निंदा की: MEA प्रवक्ता     |   PM मोदी ने वेस्ट एशिया के हालात पर फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों से फोन पर बात की     |   LPG की पैनिक बुकिंग ना करें लोग, ऑस्ट्रेलिया-रूस से एलएनजी मंगाई जा रही: केंद्र     |   हरियाणा में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 23 IAS अधिकारियों के तबादले और नई पोस्टिंग     |   सोने-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट, MCX पर सिल्वर ₹15000-गोल्ड ₹5500 टूटा     |  

विक्रम दोरायस्वामी बने चीन में भारत के नए राजदूत, विदेश मंत्रालय ने किया ऐलान

भारत के यूनाइटेड किंगडम में वर्तमान उच्चायुक्त विक्रम के. दोरायस्वामी को चीन में भारत का अगला राजदूत नियुक्त किया गया है। विदेश मंत्रालय (MEA) ने गुरुवार को एक आधिकारिक बयान जारी कर यह जानकारी दी। विदेश मंत्रालय ने कहा, “विक्रम के. दोरायस्वामी (आईएफएस: 1992), जो वर्तमान में यूनाइटेड किंगडम में भारत के उच्चायुक्त हैं, उन्हें चीन जनवादी गणराज्य में भारत का अगला राजदूत नियुक्त किया गया है।” वह जल्द ही अपना कार्यभार संभालेंगे।

दोरायस्वामी 1992 बैच के भारतीय विदेश सेवा (IFS) अधिकारी हैं। इससे पहले उन्होंने एक वर्ष तक पत्रकारिता भी की थी। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से इतिहास में मास्टर डिग्री हासिल की है। अपने करियर की शुरुआत में उन्होंने 1994 में हांगकांग स्थित भारतीय दूतावास में थर्ड सेक्रेटरी के रूप में कार्य किया और वहीं चीनी भाषा में डिप्लोमा भी किया। इसके बाद 1996 में उन्हें बीजिंग में भारतीय दूतावास में नियुक्त किया गया, जहां उन्होंने करीब चार साल तक सेवा दी।

वर्ष 2000 में विदेश मंत्रालय, नई दिल्ली लौटने पर उन्हें डिप्टी चीफ ऑफ प्रोटोकॉल बनाया गया और बाद में प्रधानमंत्री कार्यालय में प्राइवेट सेक्रेटरी के रूप में भी कार्य किया। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन (न्यूयॉर्क) में पॉलिटिकल काउंसलर, दक्षिण अफ्रीका के जोहांसबर्ग में कांसुल जनरल, उज्बेकिस्तान और दक्षिण कोरिया में भारत के राजदूत जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी कार्य किया है।

इसके अलावा, उन्होंने विदेश मंत्रालय में सार्क डिवीजन, अमेरिका डिवीजन और इंडो-पैसिफिक विभाग में भी अहम जिम्मेदारियां निभाईं। 2020 में वह बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त बने और बाद में यूनाइटेड किंगडम में नियुक्त हुए। विक्रम दोरायस्वामी को पढ़ने, खेल, फिटनेस, यात्रा और जैज संगीत में रुचि है। वह चीनी, फ्रेंच और कोरियन भाषाओं में भी दक्ष हैं।