Breaking News

बैजयंत जय पांडा, डी पुरंदेश्वरी और रेखा वर्मा BJP राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए     |   बीजेपी ने शिव प्रकाश और सौदान सिंह को राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव (संगठन) बनाया     |   PM मोदी ने बीजेपी की नई टीम को बधाई दी, ‘टीम में संगठन का अनुभव, जमीनी जुड़ाव’     |   अमित मालवीय बीजेपी के आईटी सेल और सोशल मीडिया प्रमुख पद से हटाए गए     |   बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दीपक म्हस्के को पार्टी का सोशल मीडिया संयोजक बनाया     |  

6 साल बाद फिर शुरू हुई चीन-उत्तर कोरिया के बीच ट्रेन सेवा

करीब छह साल बाद चीन और उत्तर कोरिया के बीच यात्री ट्रेन सेवा फिर से शुरू हो गई है। शुक्रवार को उत्तर कोरिया की राजधानी प्योंगयांग से चली एक ट्रेन बीजिंग पहुंची। यह ट्रेन शुक्रवार सुबह 8:40 बजे (स्थानीय समय) बीजिंग के रेलवे स्टेशन पर पहुंची। वहीं बीजिंग से प्योंगयांग के लिए रवाना हुई दूसरी यात्री ट्रेन आज शाम करीब 6:07 बजे प्योंगयांग पहुंचेगी।

नई ट्रेन सेवाएं बीजिंग और चीन के डांडोंग शहर को उत्तर कोरिया की राजधानी प्योंगयांग से जोड़ेंगी। इससे दोनों देशों के बीच यात्रा, व्यापार, आर्थिक सहयोग और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। चीन की सरकारी रेलवे कंपनी के अनुसार, बीजिंग और प्योंगयांग के बीच ट्रेन सप्ताह में चार दिन चलेगी, जबकि डांडोंग और प्योंगयांग के बीच ट्रेन रोजाना चलेगी।

दरअसल, जनवरी 2020 में कोविड-19 महामारी शुरू होने के बाद दोनों देशों के बीच ट्रेन सेवाएं बंद कर दी गई थीं। अब हालात सामान्य होने के बाद इन्हें दोबारा शुरू किया गया है। चीन, उत्तर कोरिया का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है, इसलिए इस ट्रेन सेवा के दोबारा शुरू होने को दोनों देशों के रिश्तों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।