Breaking News

अमित शाह 30 अक्टूबर 2026 को लखनऊ के दौरे पर रहेंगे     |   प्रयागराज जिले में कक्षा 6 से 12 तक के स्कूल 30 अक्टूबर को रहेंगे बंद     |   कर्नाटक कैबिनेट ने नंदिनी दूध की कीमतों में 8 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की     |   दिल्ली: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने आवास पर करवा चौथ मनाया     |   पाकिस्तान में एंबुलेंस के अंदर ऑक्सीजन सिलेंडर फटा, महिला समेत 10 लोगों की मौत     |  

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत के लिए कोलंबो में पोस्टर लगाए गए

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को तीन दिवसीय श्रीलंका दौरे के तहत कोलंबो पहुंचेंगे। श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के लिए पोस्टर लगाए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को श्रीलंका की तीन दिवसीय यात्रा शुरू करेंगे, जिसमें समग्र द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को मजबूत करने के साथ-साथ ऊर्जा, व्यापार और संपर्क के क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत बनाने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

शनिवार को मोदी और राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायका के बीच वार्ता होगी। श्रीलंका पर सैन्य प्रभाव में वृद्धि के चीन के अथक प्रयासों की पृष्ठभूमि में दोनों पक्ष एक प्रमुख रक्षा सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर कर सकते हैं। मोदी बैंकॉक में बिम्सटेक (बंगाल की खाड़ी बहु-क्षेत्रीय तकनीकी और आर्थिक सहयोग पहल) समूह के शिखर सम्मेलन में भाग लेने के बाद श्रीलंका की राजधानी पहुंचेंगे।

मोदी ने गुरुवार को दोनों देशों की यात्रा शुरू करने से पहले एक बयान में कहा, "हमारे पास ‘साझा भविष्य के लिए साझेदारी को बढ़ावा देने’ के संयुक्त दृष्टिकोण को लेकर हुई प्रगति की समीक्षा करने और हमारे साझा उद्देश्यों को साकार करने के लिए मार्गदर्शन का अवसर होगा।" तीन महीने पहले श्रीलंकाई राष्ट्रपति की दिल्ली यात्रा के दौरान संयुक्त दृष्टिकोण को अपनाया गया था। मोदी-दिसानायके वार्ता के बाद दोनों पक्षों के बीच श्रीलंका के ऋण पुनर्गठन समेत कई और द्विपक्षीय समझौते होने की भी संभावना है।