Breaking News

योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदलने का काम किया: अमित शाह     |   यूपी, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 2-3 नवंबर को भारी बारिश का अनुमान: IMD     |   पीएम मोदी पीएम-किसान योजना के तहत 18,680 करोड़ रुपये करेंगे जारी     |   उत्तराखंड के कई जिलों में आज ऑरेंज अलर्ट जारी     |   दिल्ली-NCR के कुछ हिस्सों में बारिश     |  

इटली की प्रधानमंत्री ने पीएम मोदी को जून में होने वाले जी7 शिखर सम्मेलन के लिए दिया निमंत्रण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी से जून में वहां होने वाले जी-सात शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए निमंत्रण मिला है। विदेश मंत्रालय ने बयान में कहा कि मोदी ने गुरुवार को इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी से बातचीत की और जून में पुगलिया में होने वाले जी-सात शिखर सम्मेलन के वास्ते निमंत्रण देने के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा कि उन्होंने इटली के लिबरेशन डे की 79वीं वर्षगांठ पर मेलोनी और इटली के लोगों को बधाई दी। 

मोदी ने कहा, ‘‘जून में जी-सात शिखर सम्मेलन में आमंत्रित करने के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। भारत में आयोजित जी20 के परिणामों को जी-सात में आगे बढ़ाने पर चर्चा की। दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को गहरा करने की प्रतिबद्धता दोहरायी।" 

ये सम्मेलन 13 -15 जून के बीच होगा। वर्तमान लोकसभा चुनाव के परिणाम की घोषणा चार जून को हो जाएगी। लोकसभा चुनाव की घोषणा से पूर्व मोदी ने फरवरी में कहा था कि उन्हें ‘जुलाई, अगस्त और सितंबर के लिए दूसरे देशों से पहले ही बुलावा मिल चुका है’ क्योंकि उन्हें (इन देशों को) ‘बीजेपी सरकार के सत्ता में लौटने का विश्वास है।’ 

अधिकारियों ने बताया कि जून में इटली के पुगलिया में होने वाले जी-सात सम्मेलन के वास्ते प्रधानमंत्री मोदी को मेलोनी का निमंत्रण इसी विश्वास को दोहराता है।