Breaking News

‘मिडिल ईस्ट संघर्ष के परिणामों का अनुमान लगाना कठिन’, रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने कहा     |   यूरोपीय संघ में गैस सप्लाई की सुरक्षा को लेकर कोई समस्या नहीं: EU आयोग प्रवक्ता     |   ईरान में युद्ध के चलते रूस की तेल से रोजाना $760 मिलियन की कमाई हो रही: क्रेमलिन     |   ‘ईरान के लिए बात करने वाले गंभीर रहें’, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा     |   ‘US को NATO की मदद की जरूरत नहीं’, ईरान जंग के बीच डोनाल्ड ट्रंप ने फिर कहा     |  

रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने के लिए PM मोदी दो दिवसीय मलेशिया यात्रा पर रवाना

 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मलेशिया की दो दिवसीय यात्रा पर रवाना हो गए, जिसका उद्देश्य दक्षिण-पूर्व एशियाई देश के साथ भारत की व्यापक रणनीतिक साझेदारी को उल्लेखनीय रूप से बढ़ाना है। मलेशिया यात्रा पर रवाना होने से पहले अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने संकेत दिया कि यह यात्रा दोनों देशों के बीच गहन रक्षा सहयोग और मजबूत आर्थिक जुड़ाव को बढ़ावा देने पर केंद्रित होगी।

मोदी  मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ व्यापक वार्ता करेंगे, जिससे दोनों देशों के बीच सहयोग को और बढ़ाने के लिए कई समझौतों पर पहुंचने की उम्मीद है। मोदी ने कहा, ‘‘भारत और मलेशिया के बीच ऐतिहासिक संबंधों में हाल के वर्षों में निरंतर प्रगति हुई है। मैं प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ होने वाली चर्चाओं और हमारी व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने को लेकर आशान्वित हूं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारा लक्ष्य अपने रक्षा और सुरक्षा संबंधों को गहरा करना, अपनी आर्थिक और नवाचार साझेदारी को बढ़ाना तथा नए क्षेत्रों में अपने सहयोग का विस्तार करना है।’’ भारत और मलेशिया ने अगस्त 2024 में अपने द्विपक्षीय संबंधों को एक व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाया।

प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता में भारत एक बार फिर मलेशिया पर विवादास्पद इस्लामी उपदेशक जाकिर नाइक के प्रत्यर्पण के लिए दबाव डालने वाला है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा में एक व्यापक एजेंडा शामिल है और इससे भारत और मलेशिया के बीच विशेष साझेदारी को अत्यंत बढ़ावा मिलेगा।

प्रधानमंत्री दोपहर मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में एक कार्यक्रम में भारतीय समुदाय को संबोधित करेंगे। मोदी ने कहा, ‘‘मैं मलेशिया में रहने वाले भारतीय समुदाय से मिलने के लिए भी उत्सुक हूं। मलेशिया में भारतीयों की आबादी लगभग 30 लाख है जो दुनिया के सबसे बड़े भारतीय प्रवासी समुदायों में से एक का प्रतिनिधित्व करते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मलेशिया की प्रगति में उनका अमूल्य योगदान और दोनों देशों के बीच एक जीवंत सेतु के रूप में उनकी भूमिका हमारी ऐतिहासिक मित्रता कसे एक मजबूत नींव प्रदान करती है।’’