Breaking News

लोकसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक स्थगित     |   टाटा के चेयरमैन चंद्रशेखरन के इस्तीफे की पेशकश के बाद TCS में 4.97% की गिरावट     |   राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक स्थगित     |   अरुणाचल में चीनी घुसपैठ की खबरों के बीच जयशंकर-राजनाथ की मुलाकात     |   'आज तीन बजे से चर्चा शुरू करेंगे, मैं हर सवाल का जवाब देने को तैयार' अमित शाह ने विपक्ष को दिया चैलेंज     |  

इजराइल ने पूर्वी लेबनान के गांव पर किए हवाई हमले, 12 लोगों की मौत

Israel Lebanon War: पूर्वी लेबनान के एक गांव पर इजराइल के हवाई हमले में 12 लोगों की मौत हो गई। लेबनान की सरकारी ‘नेशनल न्यूज एजेंसी’ ने मंगलवार को यह जानकारी दी। लेबनान के बेका घाटी क्षेत्र में सोमवार देर रात किए गए इस हमले से पहले इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा था कि उन्होंने लेबनान में हिजबुल्ला आतंकवादी समूह को निशाना बनाकर और अधिक तीव्र हमले करने का फैसला किया है।

इजराइली सेना ने इस विशेष हमले पर कोई टिप्पणी नहीं की लेकिन उसने सोमवार को कहा था कि वह पूर्वी लेबनान में हिजबुल्ला के बुनियादी ढांचे को निशाना बना रही है। बचावकर्मियों ने बताया कि दक्षिणी और पूर्वी लेबनान के बड़े हिस्सों को निशाना बनाकर रातभर किए गए भीषण हमलों के बाद मलबे से 12 शव निकाले गए।

लेबनान और इजराइल के सैन्य प्रतिनिधिमंडलों की वाशिंगटन में होने वाली सीधी बातचीत से तीन दिन पहले ये हमले किए गए। हिजबुल्ला दक्षिणी लेबनान में इजराइली सैनिकों और उत्तरी इजराइल के कस्बों पर हमले कर रहा है। उसने कहा है कि जब तक इजराइल अपने दैनिक हवाई हमले बंद नहीं करता और देश से अपने सैनिक नहीं हटाता, तब तक वह लड़ाई जारी रखेगा।

लेबनान सरकार को उम्मीद है कि हिजबुल्ला के विरोध के बावजूद इजराइल के साथ सीधी बातचीत से संघर्षविराम का रास्ता निकलेगा। इस युद्ध में लेबनान में 10 लाख से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं। यह युद्ध दो मार्च को ईरान के समर्थन में हिजबुल्ला द्वारा उत्तरी इजराइल पर रॉकेट दागे जाने के बाद शुरू हुआ था।