Breaking News

PM मोदी ने विशाखापट्टनम हादसे पर जताया शोक     |   ओमान में 24 भारतीय क्रू मेंबर्स वाले शिप पर अमेरिकी नेवी की ओर से हमले का आरोप     |   इजरायल के ईरान पर हालिया हमले के बाद स्ट्रेट ऑफ होर्मुज फिर पूरी तरह से बंद     |   पटियाला हाउस कोर्ट ने NIA की याचिका पर 7 विदेशी नागरिकों को नोटिस जारी किया     |   वेस्ट एशिया में फिर बढ़े तनाव पर भारत ने जताई चिंता, सभी पक्षों से संयम की अपील     |  

ईरान के मिसाइल हमले के बाद इजराइल ने की जवाबी कार्रवाई, तेहरान समेत कई शहरों में सुने गए धमाके

Iran-Israel War: ईरान की ओर से मिसाइल दागे जाने के बाद जवाबी कार्रवाई में इजराइल ने सोमवार सुबह तेहरान के मध्य और पश्चिमी हिस्सों पर हवाई हमले किए। इन हमलों से पूरे पश्चिम एशिया के सामने एक बार फिर युद्ध छिड़ने की आशंका पैदा हो गई है। ईरान के सरकारी टेलीविजन ने खबर में बताया कि इस्फहान, करज, तबरीज और तेहरान में धमाकों की आवाजें सुनी गईं। हालांकि, फिलहाल इस संबंध में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।

तेहरान में एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि राजधानी के पश्चिमी हिस्से में कम से कम एक बड़े धमाके की आवाज सुनाई दी। इजराइली हमलों के बाद ईरान ने तेहरान के इमाम खुमैनी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास का हवाई क्षेत्र बंद कर दिया।

इजराइल की सेना ने कहा कि यमन की ओर से एक मिसाइल दागे जाने के बाद सोमवार को देश के कई हिस्सों में सायरन बज उठे। हालांकि, सेना ने इस बारे में अधिक जानकारी नहीं दी। इजराइल की बचाव सेवाओं के अनुसार, इस घटना में किसी के हताहत होने या कहीं मिसाइल गिरने की कोई सूचना नहीं मिली है।

यमन के बड़े हिस्से पर ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों का नियंत्रण है। इससे पहले भी इजराइल-हमास युद्ध के दौरान और उसके बाद हूती विद्रोहियों ने इजराइल की ओर मिसाइलें दागी थीं, लेकिन वे ईरान-इजराइल के मौजूदा संघर्ष में पूरी तरह शामिल नहीं हुए हैं।

हूतियों ने अभी तक इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। हालांकि, अतीत में कई बार उन्होंने हमलों की जिम्मेदारी देर से स्वीकार की है। ईरान के अधिकारियों ने ये नहीं बताया कि किन ठिकानों को निशाना बनाया गया और न ही किसी संभावित नुकसान के बारे में जानकारी दी।

ईरान के अर्धसैनिक बल ‘रिवोल्यूशनरी गार्ड’ ने कहा कि इजराइल ने सोमवार सुबह के हमले में बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल किया, लेकिन इससे अधिक विवरण नहीं दिया। ईरान में हमले शुरू करने के बाद इजराइल ने एक संक्षिप्त बयान में कहा, ‘‘कुछ देर पहले इजराइल की वायुसेना ने पश्चिमी और मध्य ईरान में सैन्य ठिकानों पर हमला किया है।’’

हालांकि, इजराइल ने भी इससे अधिक कोई जानकारी साझा नहीं की। इस बीच, सऊदी अरब में सोमवार सुबह उस क्षेत्र में मिसाइल हमले की चेतावनी को लेकर सायरन बज उठे, जहां अमेरिकी सैनिकों की तैनाती वाला एक महत्वपूर्ण एयरबेस स्थित है।

सऊदी सरकारी मीडिया के अनुसार, अल-खार्ज प्रांत में यह चेतावनी जारी की गई। इसी क्षेत्र में प्रिंस सुल्तान एयर बेस स्थित है, जहां अमेरिकी बल तैनात हैं। ये अलर्ट इजराइल के ईरान पर हमलों के बाद जारी किया गया। हालांकि, कुछ देर बाद सऊदी अरब ने कहा कि इलाके में मिसाइल का खतरा टल गया है।अधिकारियों ने इस संबंध में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी।

उधर, अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास सह कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ ने इन हमलों और अमेरिका के साथ किसी संभावित समन्वय से जुड़े सवालों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।