Breaking News

लखनऊ स्नातक MLC चुनाव में सपा की उम्मीदवार कांति सिंह ने दर्ज कराई जीत     |   NEET प्रोटेस्ट के दौरान पेलेट गन के इस्तेमाल पर SC में सुनवाई आज     |   सऊदी अरब में हमलों का खतरा, अमेरिका ने अपने कर्मचारियों को देश छोड़ने का दिया आदेश     |   गोवा के वास्को में भीषण आग, कार एक्सेसरीज की दुकान जलकर खाक, मौके पर पहुंचे CM     |   दिल्ली-NCR में मौसम ने ली करवट, कहीं बूंदाबांदी तो कहीं तेज बारिश, मौसम विभाग का येलो अलर्ट     |  

आखिरकार खत्म हुआ युद्ध... इजराइल और ईरान ने स्वीकार किया संघर्ष विराम

इजराइल और ईरान ने 12 दिन से जारी युद्ध को खत्म करने के लिए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के संघर्ष विराम प्रस्ताव को मंगलवार को स्वीकार कर लिया। ईरान के परमाणु कार्यक्रम को नष्ट करने के उद्देश्य से इजराइल के हमले के जवाब में ईरान ने कतर स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे को निशाना बनाकर कुछ मिसाइल हमले किए थे। 

संघर्ष विराम समझौते पर सहमति बनने से पहले ईरान ने इजराइल को लक्ष्य कर फिर से मिसाइल हमले किए जिसमें मंगलवार सुबह कम से कम चार लोगों की मौत हो गई जबकि इजराइल ने भी सुबह समूचे ईरान में कई इलाकों को निशाना बनाकर हवाई हमले किए। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि ट्रंप के साथ समन्वय करते हुए इजराइल, ईरान के साथ द्विपक्षीय संघर्ष विराम के लिए सहमत हुआ है। 

नेतन्याहू ने कहा कि उन्होंने सोमवार रात इजराइल की सुरक्षा कैबिनेट को सूचित किया था कि इजराइल ने ईरान के परमाणु और बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रमों के खतरे को दूर करने सहित ईरान के खिलाफ 12-दिवसीय अभियान में युद्ध के अपने सारे लक्ष्य हासिल कर लिए हैं। 

नेतन्याहू ने कहा कि इजराइल ने ईरान के सैन्य नेतृत्व और कई सरकारी स्थलों को भी नुकसान पहुंचाया और ईरान के आसमान पर नियंत्रण हासिल किया। नेतन्याहू ने कहा, ‘‘इजराइल संघर्ष विराम के किसी भी उल्लंघन का जवाब देगा।’’