Breaking News

कुवैत में अमेरिका का लड़ाकू विमान क्रैश, दो घायल     |   लेबनानी जस्टिस मिनिस्टर ने इजरायल पर रॉकेट दागने वालों को गिरफ्तारी आदेश दिया     |   कुवैत में अमेरिकी एंबेंसी-फिफ्थ फ्लीट हेडक्वार्टर पर ईरानी हमला, कई मिसाइल दागीं     |   बहरीन की राजधानी मनामा और जॉर्डन में भी अमेरिकी दूतावास पर ईरानी मिसाइल अटैक     |   लेबनान पर इजरायली हमलों में अब तक 31 लोगों के मारे जाने की खबर, 149 घायल हुए     |  

खाड़ी देशों पर ईरान के हमले जारी, दुबई के 5 अहम जगहों पर ईरानी हमले

ईरान की ओर से किए गए हमलों के बाद दुबई के कई अहम इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल देखा गया। मिसाइल और ड्रोन हमलों को रोकने की कार्रवाई के दौरान गिरे मलबे और छर्रों से शहर के पांच प्रमुख स्थान प्रभावित हुए। दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेबेल अली पोर्ट और पाम जुमेराह जैसे प्रमुख इलाकों में आग और धुएं की घटनाएं सामने आईं। अधिकारियों के मुताबिक, हमलों को ज्यादातर हवा में ही नष्ट कर दिया गया, लेकिन उसके मलबे से कुछ जगहों पर नुकसान हुआ और लोग घायल हुए। 

दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक घटना की पुष्टि की गई। दुबई एयरपोर्ट्स ने बयान जारी कर कहा कि आपातकालीन टीमों को तुरंत सक्रिय किया गया और संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर स्थिति संभाली गई। इस घटना में चार लोग घायल हुए, जिन्हें तुरंत इलाज दिया गया। संयुक्त अरब अमीरात की जनरल अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन ने कहा कि जिन यात्रियों की उड़ानें प्रभावित हुई हैं, उनके रहने और खाने का पूरा खर्च सरकार उठाएगी। उड़ानों के समय बदलने से करीब 20,200 यात्री प्रभावित हुए।

दुबई के प्रसिद्ध होटल बुर्ज अल अरब के बाहरी हिस्से में ड्रोन के मलबे से मामूली आग लग गई। दुबई मीडिया ऑफिस ने बताया कि ड्रोन को हवा में मार गिराया गया था, लेकिन उसके टुकड़ों से होटल की बाहरी दीवार पर आग लगी। इसी तरह जेबेल अली पोर्ट के एक बर्थ पर भी मलबे से आग लगी, हालांकि इसमें कोई घायल नहीं हुआ। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि 7 जुलाई 2021 की पुरानी आग के वीडियो शेयर न करें। यह पोर्ट मध्य पूर्व में अमेरिकी नौसेना का सबसे बड़ा ठहराव स्थल माना जाता है।

दुबई के लग्जरी इलाके पाम जुमेराह में एक इमारत में आग लगने की पुष्टि हुई, जिसमें चार लोग घायल हुए। सोशल मीडिया पर होटल के बाहर धुआं और आग के वीडियो वायरल हुए। कुछ देर बाद उसी इमारत के पास एक और धमाका हुआ, जिसे चश्मदीदों ने ऊपर से गिरते ड्रोन से जुड़ा बताया। शहर के डाउनटाउन इलाके और दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा के आसपास भी जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गईं।

पड़ोसी अमीरात अबू धाबी में जायेद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हमले के दौरान छर्रे लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। सादियात आइलैंड, खलीफा सिटी, बनियास, अल फलाह और मोहम्मद बिन जायेद सिटी में भी मलबा गिरने की खबर है। अबू धाबी में अल धफरा एयरबेस पर अमेरिकी सेना मौजूद है।

संयुक्त अरब अमीरात ने शनिवार को अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया। यह कदम अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के बाद उठाया गया। यूएई रक्षा मंत्रालय ने ईरानी हमलों को खतरनाक उकसावा बताया और कहा कि देश पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया गया। मंत्रालय के अनुसार, हमले की शुरुआत से अब तक वायुसेना और एयर डिफेंस सिस्टम ने 137 बैलिस्टिक मिसाइल और 209 ड्रोन मार गिराए हैं। अधिकारियों ने कहा कि देश की सुरक्षा प्रणाली पूरी तरह तैयार है और हर खतरे से निपटने में सक्षम है।