Breaking News

मलेशिया के सबाह में आग से 200 घर तबाह, सैकड़ों लोग बेघर     |   क्रिकेट टीम के चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर का कार्यकाल बढ़ाया जाना लगभग तय     |   दक्षिणी लेबनान में लड़ाई के दौरान एक इजरायली सैनिक की जान गई     |   ईरान का एयर स्पेस चार चरणों में फिर से खोला जाएगा     |   ED ने कोलकाता पुलिस के डिप्टी कमिश्नर के आवास पर छापा मारा     |  

ईरान-अमेरिका वार्ता पर ब्रेक, तेहरान ने खारिज की अगली मीटिंग की संभावना

मिडिल ईस्ट में शांति की कोशिशों को एक बार फिर बड़ा झटका लगता दिख रहा है. ईरान ने अमेरिका के साथ अगले दौर की वार्ता की संभावना को फिलहाल सिरे से खारिज कर दिया है. ईरान के डिप्टी फॉरेन मिनिस्टर सईद खतीबजादा ने साफ किया है कि जब तक बातचीत का एक ठोस फ्रेमवर्क यानी वैचारिक ढांचा तैयार नहीं हो जाता, तब तक बातचीत के लिए किसी भी नई तारीख पर मुहर नहीं लगाई जाएगी.

अमेरिका-ईरान के बीच पाकिस्तान के इस्लामाबाद में 11-12 अप्रैल को हुई 21 घंटे की मैराथन बातचीत बिना किसी समझौते के खत्म हुई थी.  इस्लाबाद में ईरान और अमेरिका के बीच 1979 की इस्लामी क्रांति के बाद हाई लेवल बैठक हुई थी. हालांकि, इस बैठक में शांति का कोई नतीजा नहीं निकल सका. जहां एक तरफ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रॉयटर्स से बातचीत में इस सप्ताह फिर से सीधी बातचीत होने की संभावना जताई थी, वहीं ईरान के रुख ने इन उम्मीदों पर अब विराम लगा दिया है.

तुर्की के अंताल्या में आयोजित एक डिप्लोमेसी फोरम के दौरान खतीबजादा ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि हम ऐसी किसी भी बातचीत में शामिल नहीं होना चाहते हैं, जो पहले से ही नाकाम होने के लिए हो या जो तनाव बढ़ाने का बहाना बने. ईरानी उप विदेश मंत्री ने अमेरिका पर निशाना साधते हुए कहा कि बातचीत में काफी प्रगति हुई थी, लेकिन अमेरिका के मैक्सिमलिस्ट यानी ज्यादा मांग के कारण सहमति नहीं बन पाई. ईरानी उप विदेश मंत्री ने कहा कि मैं साफ कर देना चाहता हूं कि ईरान अंतरराष्ट्रीय नियमों के दायरे से बाहर जाकर किसी भी शर्त को स्वीकार नहीं करेगा.

बातचीत के बीच एक और बड़ा मुद्दा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद करने का है. इजरायल और लेबनान के बीच हुए 10 दिन के सीजफायर के बाद ईरान ने जहाजों के लिए रास्ता खोला था. लेकिन खतीबजादा ने आरोप लगाया कि अमेरिका ने इसमें दखलअंदाजी किया और कहा कि यह रास्ता ईरानियों के लिए बंद रहेगा. ईरान ने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका संघर्षविराम की शर्तों का पालन नहीं करता है और अपनी बातों से मुकर जाता है, तो इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे.

ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को फिर से बंद करते हुए इस समुद्री रास्ते पर फिर से कड़ा पहरा लागू कर दिया गया है. ईरान के मिलिट्री कमांड ने एक बयान में कहा कि वाशिंगटन ने ईरान के बंदरगाहों से आने-जाने वाले जहाजों पर अपनी नेवल नाकाबंदी जारी रखी है. ईरान के अनुसार जब तक अमेरिका ईरान आने-जाने वाले सभी जहाजों के आने-जाने की आजादी बहाल नहीं करता, तब तक होर्मुज स्ट्रेट में स्थिति पूरी तरह से कंट्रोल में रहेगी. 

बता दें कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत का नया दौर सोमवार को शुरू होने वाला था. यह बातचीत भी पिछली बार की तरह पाकिस्तान में होगी. दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडल के रविवार को पाकिस्तान की राजधानी पहुंचने की उम्मीद है. लेकिन अब  ईरानी उप विदेश मंत्री ने बातचीत से इंकार कर दिया है.