ब्रिटेन के राजा चार्ल्स तृतीय के छोटे भाई राजकुमार एंड्रयू ने अमेरिकी यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन के साथ अपने संबंधों को लेकर लग रहे आरोपों के बीच, राजा के साथ चर्चा के बाद ड्यूक ऑफ यॉर्क और अन्य सभी शाही उपाधि त्याग दी हैं। राजकुमार एंड्रयू (65) ने ‘हिज रॉयल हाइनेस’ की उपाधि का उपयोग पहले ही करना बंद कर दिया था। उन्होंने शुक्रवार को घोषणा की कि उनकी अन्य सभी उपाधियां भी निष्क्रिय हो जाएंगी। हालांकि, वे अपने खिलाफ लगे सभी आरोपों का "पुरजोर" खंडन करते रहे हैं। दिवंगत महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के पुत्र होने के नाते, वे 1917 में किंग जॉर्ज पंचम द्वारा जारी ‘लेटर्स पेटेंट’ के अनुसार ‘‘राजकुमार’’ की उपाधि बरकरार रखेंगे, जिसे उनकी मां ने 2012 में अद्यतन किया था।
बकिंघम पैलेस द्वारा जारी एक बयान में राजकुमार एंड्रयू ने कहा, ‘‘राजा और मेरे निकट एवं व्यापक परिवार के साथ चर्चा में, हम इस निष्कर्ष पर पहुंचे हैं कि मुझ पर लगातार लग रहे आरोप महामहिम (चार्ल्स) और शाही परिवार के काम में बाधा डाल रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैंने हमेशा की तरह, अपने परिवार और देश के प्रति अपने कर्तव्य को सर्वोपरि रखने का निर्णय लिया है। मैं पांच साल पहले सार्वजनिक जीवन से दूर रहने के अपने फैसले पर कायम हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘महामहिम की सहमति से, हमें लगता है कि अब मुझे एक कदम और आगे बढ़ना होगा। इसलिए मैं अब अपनी उपाधि या मुझे दिए गए सम्मानों का उपयोग नहीं करूंगा। जैसा कि मैंने पहले कहा है, मैं अपने ऊपर लगे आरोपों का पुरजोर खंडन करता हूं।’’ यह फैसला एंड्रयू पर बाल यौन शोषण के दोषी एपस्टीन के साथ संबंधों और एक कथित चीनी जासूस के साथ संबंधों की खबरों को लेकर बढ़ते दबाव के बीच आया है।
ब्रिटेन: किंग चार्ल्स तृतीय के भाई राजकुमार एंड्रयू ने शाही उपाधियां त्यागी
You may also like
कैप्टन अमेरिका और डॉक्टर डूम' ने दिया दीवाली का तोहफा, इंडिया में बदली Avengers Doomsday की रिलीज डेट.
अमेरिका में 4.2 अरब डॉलर का निवेश करेगी ऑडी, जॉर्जिया में लगाएगी नया कार प्लांट.
अमेरिका के फ्लोरिडा में गोलीबारी, 6 बच्चों समेत करीब 12 लोग घायल.
रूस तक पहुंचा अयोध्या का वैभव, ‘रूसी राम’ पेचनिकोव की 100वीं जयंती पर मॉस्को में गूंजे राम के आदर्श.