Breaking News

नेपाल के PM बालेन्द्र शाह पहली बार भारत दौरे पर पहुंचे, PM मोदी के न्योते पर आए दिल्ली     |   एशिया कप राइजिंग: 264 रन पर पाकिस्तान को छठा झटका, इमरान रंधावा 23 रन बनाकर आउट     |   विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के साथ द्विपक्षीय बैठक की     |   एशिया कप राइजिंग: 284 रन पर पाकिस्तान को लगा सातवां झटका, साद मसूद को विपराज ने किया चलता     |   खुली सीमाएं देशों को बर्बाद कर देती हैं: डोनाल्ड ट्रंप     |  

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की पहली भारत यात्रा, PM मोदी के साथ होगी अहम चर्चा

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह भारत के दौरे पर पहुंचेंगे, इस यात्रा के दौरान भारत और नेपाल के बीच द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की जाएगी, साथ ही दोनों देश आपसी हितों से जुड़े क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचार-विमर्श करेंगे। मार्च में नेपाल के प्रधानमंत्री का पद संभालने के बाद बालेंद्र शाह का यह पहला भारत दौरा होगा। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बालेंद्र शाह के बीच व्यापक स्तर पर बातचीत होगी।

विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर नेपाल के प्रधानमंत्री 22 और 23 तारीख को भारत की राजकीय यात्रा पर रहेंगे। मंत्रालय के अनुसार, यह दौरा दोनों देशों के बीच नियमित उच्चस्तरीय संवाद की परंपरा को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर है। इससे भारत की ‘नेबरहुड फर्स्ट’ यानी पड़ोसी प्रथम नीति के तहत नेपाल के साथ मजबूत संबंध बनाए रखने की प्रतिबद्धता भी जाहिर होती है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस यात्रा से भारत और नेपाल की साझेदारी को नई मजबूती मिलेगी और विभिन्न क्षेत्रों में आपसी सहयोग बढ़ाने के नए रास्ते खुलेंगे।

दक्षिण एशिया में भारत के रणनीतिक हितों के लिहाज से नेपाल का विशेष महत्व है। दोनों देशों के बीच लंबे समय से ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सामाजिक संबंध रहे हैं। भारत और नेपाल के रिश्तों को अक्सर ‘रोटी-बेटी’ के संबंधों के रूप में भी परिभाषित किया जाता है। भौगोलिक रूप से चारों तरफ से जमीन से घिरा नेपाल व्यापार और परिवहन के लिए काफी हद तक भारत पर निर्भर है। समुद्र तक पहुंच के लिए भी उसे भारतीय मार्गों का इस्तेमाल करना पड़ता है। इसके अलावा, नेपाल अपनी आवश्यकताओं की कई वस्तुएं भारत से या भारतीय रास्तों के जरिए आयात करता है।

विदेश मंत्रालय ने दोनों देशों के संबंधों को ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत विरासत के साथ-साथ लोगों के बीच मजबूत संपर्क पर आधारित बताया है। मंत्रालय के मुताबिक, भारत और नेपाल के बीच व्यापार, वाणिज्य, विकास सहयोग, ऊर्जा, जल संसाधन, भौतिक बुनियादी ढांचे और डिजिटल कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में साझेदारी लगातार आगे बढ़ी है। इसके साथ ही सहयोग के नए क्षेत्रों में भी दोनों देशों के बीच संपर्क मजबूत हो रहा है।

हालांकि, पिछले कुछ महीनों में सीमा विवाद को लेकर दोनों देशों के रिश्तों में कुछ तनाव भी देखने को मिला था। मई में नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की उस टिप्पणी के बाद असहजता बढ़ गई थी, जिसमें उन्होंने लंबे समय से चले आ रहे सीमा विवाद के समाधान के लिए चीन और ब्रिटेन को भी शामिल करने की बात कही थी।

इसके जवाब में भारत ने स्पष्ट किया था कि सीमा विवाद जैसे मुद्दों के समाधान में किसी तीसरे देश की भूमिका स्वीकार्य नहीं है। नई दिल्ली ने कहा था कि भारत और नेपाल के बीच सीमा से जुड़े मामलों को सुलझाने के लिए पहले से ही एक स्थापित द्विपक्षीय व्यवस्था मौजूद है। गौरतलब है कि भारत और नेपाल के बीच लिपुलेख, लिम्पियाधुरा और कालापानी क्षेत्रों को लेकर लंबे समय से सीमा विवाद चला आ रहा है। भारत लगातार इन क्षेत्रों को उत्तराखंड का हिस्सा बताता रहा है।

ऐसे में बालेंद्र शाह की भारत यात्रा को दोनों देशों के बीच राजनीतिक और कूटनीतिक संवाद के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरान होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बालेंद्र शाह की बातचीत पर दोनों देशों की नजरें रहेंगी।