Breaking News

अमित शाह 30 अक्टूबर 2026 को लखनऊ के दौरे पर रहेंगे     |   प्रयागराज जिले में कक्षा 6 से 12 तक के स्कूल 30 अक्टूबर को रहेंगे बंद     |   कर्नाटक कैबिनेट ने नंदिनी दूध की कीमतों में 8 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की     |   दिल्ली: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने आवास पर करवा चौथ मनाया     |   पाकिस्तान में एंबुलेंस के अंदर ऑक्सीजन सिलेंडर फटा, महिला समेत 10 लोगों की मौत     |  

America: कैलिफोर्निया में बम विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत

कैलिफोर्निया के पाम स्प्रिंग्स शहर में शनिवार को एक क्लिनिक के बाहर हुए बम विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई। संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) ने इसे ‘‘जानबूझकर किया गया आतंकवादी कृत्य’’ करार दिया है। एफबीआई के लॉस एंजिलिस कार्यालय के प्रमुख अकील डेविस ने बताया कि इस क्लिनिक को जानबूझकर निशाना बनाया गया। हालांकि, उन्होंने यह बताने से इनकार कर दिया कि अधिकारियों ने इसके आतंकवादी हमला होने का निष्कर्ष किस आधार पर निकाला।

विस्फोट में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान की पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। डेविस ने यह नहीं बताया कि मृतक ही संदिग्ध है या नहीं, लेकिन उन्होंने कहा कि किसी अन्य संदिग्ध की तलाश नहीं की जा रही। डेविस ने बताया कि विस्फोट में चार लोग घायल हुए हैं। मामले की जानकारी रखने वाले दो कानून प्रवर्तन अधिकारियों के अनुसार, इस घटना की जांच संभावित कार धमाके के रूप में की जा रही है।

एक अधिकारी ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया कि जांचकर्ताओं का मानना है कि मृतक संभवतः वही था जिसने विस्फोट किया था, लेकिन उन्होंने साथ ही कहा कि जांच अभी प्रारंभिक चरण में है। पाम स्प्रिंग्स पुलिस प्रमुख एंडी मिल्स ने इसे “जानबूझकर की गई हिंसा” बताया। पाम स्प्रिंग्स शहर के अनुसार, धमाका सुबह 11 बजे नॉर्थ इंडियन कैनियन ड्राइव के पास हुआ और लोगों को इलाके से दूर रहने की सलाह दी गई। 'अमेरिकन रिप्रोडक्टिव सेंटर्स' क्लिनिक को चलाने वाले डॉ. माहेर अब्दल्लाह ने पुष्टि की कि उनका क्लिनिक क्षतिग्रस्त हुआ है। उन्होंने बताया कि सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं और आईवीएफ लैब और भ्रूण भी सुरक्षित हैं।