Breaking News

RSS का दिल्ली में 29 नवंबर को बड़ा कार्यक्रम, मोहन भागवत भी होंगे शामिल     |   बिहार के बेतिया में हाथी दांत की बड़ी खेप बरामद, 4 तस्कर गिरफ्तार     |   यूपी में 28 IPS अफसरों के तबादले, प्रशांत कुमार को आगरा जोन का एडीजी बनाया गया     |   क्राइस्टचर्च टेस्ट: न्यूजीलैंड को सातवां झटका, आकाशदीप का शिकार बने स्मिथ     |   होर्मुज में बारूदी सुरंगों की चपेट में आए दो तेल टैंकर, ईरानी नौसेना का दावा     |  

बाल विवाह रोकने में जुटी योगी सरकार, यूपी में 23.16 लाख लोगों ने लिया बाल विवाह के खिलाफ संकल्प

बच्चों का बचपन सुरक्षित रखने और बाल विवाह जैसी कुप्रथा को खत्म करने के लिए उत्तर प्रदेश में बड़े स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के जरिए समाज को इस कुरीति के खिलाफ जागरूक किया जा रहा है।

प्रदेश में अब तक 23.16 लाख से अधिक लोगों ने बाल विवाह के खिलाफ शपथ ली है। वहीं, 2.82 लाख से ज्यादा जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को इस सामाजिक बुराई के प्रति सचेत किया गया है। प्रदेश के सभी 75 जिलों में प्रशासन और विभिन्न विभागों के सहयोग से अभियान चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य कम उम्र में विवाह रोकना, बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देना और बच्चों के भविष्य को सुरक्षित बनाना है। बाल विवाह से जुड़े संकेतकों के मामले में उत्तर प्रदेश की स्थिति राष्ट्रीय औसत से बेहतर दर्ज की गई है।

गांव से शहर तक बाल विवाह रोकने की व्यवस्था मजबूत

प्रदेश में बाल विवाह की रोकथाम के लिए प्रशासनिक स्तर पर निगरानी बढ़ाई गई है। महिला कल्याण विभाग के समन्वय से शिक्षा, पुलिस, स्वास्थ्य और पंचायती राज विभाग अभियान में सहयोग कर रहे हैं।

जिलाधिकारियों की निगरानी में जिला, तहसील, ब्लॉक और ग्राम स्तर पर बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। ग्राम पंचायतों को भी इस मुहिम का हिस्सा बनाया गया है। निर्धारित मानकों को पूरा करने वाले गांवों को बाल विवाह मुक्त घोषित करने की दिशा में काम किया जा रहा है।

परिवारों और समुदायों को जागरूक करने पर जोर

महिला कल्याण विभाग की निदेशक सी. इंदुमति के अनुसार, 21 अक्टूबर से 21 दिसंबर 2026 तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान शिक्षा, परिवार और समुदाय से जुड़े तीनों क्षेत्रों में एक साथ गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

स्कूलों और अन्य शिक्षण संस्थानों में बच्चों को जागरूक करने के साथ परिवारों से भी संवाद किया जा रहा है। धार्मिक नेताओं और सामुदायिक प्रतिनिधियों को अभियान से जोड़कर बाल विवाह के खिलाफ सामाजिक समर्थन तैयार किया जा रहा है।

सामूहिक विवाह कार्यक्रमों में नियमों के पालन और दस्तावेजों की जांच पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। दूसरे राज्यों से बाल विवाह से जुड़ी शिकायतें मिलने पर संबंधित अधिकारियों के साथ संपर्क कर आवश्यक कार्रवाई की जाती है।

अंतरराष्ट्रीय दिवस पर प्रदेशभर में लोगों ने लिया संकल्प

27 नवंबर को बाल विवाह, अल्पायु विवाह और जबरन विवाह के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इन कार्यक्रमों में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, ग्राम पंचायतों, शिक्षण संस्थानों, धार्मिक संगठनों और किशोर-किशोरियों ने भाग लिया। लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के बारे में बताया गया और बच्चों की शिक्षा व सुरक्षा के लिए सामूहिक संकल्प दिलाया गया।

सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तुरंत संबंधित हेल्पलाइन पर सूचना दें। इसके लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181 और आपातकालीन सेवा 112 उपलब्ध हैं।

तीन चरणों में आगे बढ़ रही बाल विवाह मुक्त भारत की मुहिम

केंद्र सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने 27 नवंबर 2024 को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान शुरू किया था। इसके तहत तीन चरणों में लगातार 100-100 दिनों के अभियान चलाए जा रहे हैं।

पहले चरण में स्कूलों और उच्च शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों को शपथ, संवाद, निबंध और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं के जरिए जागरूक किया गया। दूसरे चरण में धर्मगुरुओं, धार्मिक संस्थाओं और विवाह से जुड़े सेवा प्रदाताओं को अभियान से जोड़ा गया।

तीसरे चरण में ग्राम पंचायतों और नगर निकायों की भागीदारी बढ़ाकर समाज के हर वर्ग तक जागरूकता पहुंचाने का प्रयास किया गया। इस अभियान का लक्ष्य बाल विवाह को रोककर बच्चों को शिक्षा, सुरक्षा और बेहतर जीवन के अवसर देना है।