Breaking News

हरियाणा: फरीदाबाद में सूरजकुंड मेले में झुला टूटा, कई लोगों के घायल होने की ख़बर     |   सिक्किम के ग्यालशिंग में भूकंप के झटके, रिक्टर पैमाने पर तीव्रता 4.2, जमीन से 5 किमी नीचे केंद्र     |   ओबामा दंपति पर नस्लवादी वीडियो को लेकर बवाल, डोनाल्ड ट्रंप ने निंदा की लेकिन माफी से साफ इनकार     |   टी-20 वर्ल्ड कप: USA ने टॉस जीता, टीम इंडिया के खिलाफ पहले गेंदबाजी का फैसला     |   भारत-पाक वर्ल्ड कप मैच पर नया मोड़, पहले हटने की बात करने वाला PCB अब ICC से बातचीत को आगे आया     |  

Women’s Day 2025: 8 मार्च को क्यों मनाया जाता है अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस?

Women’s Day 2025: हर साल 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है. आजकल महिलाएं घरेलू कामों के अलावा भी अलग-अलग क्षेत्रों में अपने कौशल का प्रदर्शन करती हैं. ऐसे में इस दिन महिलाओं की सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक उपलब्धियों को सम्मानित करने का अवसर होता है. इस दिन का उद्देश्य महिलाओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाना और समानता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है.

ऑफिस, कॉलेज और कई जगहों पर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को सेलिब्रेट किया जाता है. इसकी शुरुआत के पीछे की कहानी के बारे में बहुत कम लोगों को ही पता होगा. हर साल महिला दिवस को एक थीम के साथ सेलिब्रेट किया जाता है. आइए जानते हैं इस आर्टिकल में इसका इतिहास और इस साल की थीम के बारे में.

महिला दिवस की शुरुआत कैसे हुई?

आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं, लेकिन यह सफर इतना आसान नहीं था। एक समय था जब महिलाओं को न तो शिक्षा का अधिकार था, न ही वोट देने का और न ही उन्हें पुरुषों के बराबर माना जाता था। इस असमानता के खिलाफ महिलाओं ने आवाज उठाई और 1908 में न्यूयॉर्क शहर में करीब 15,000 महिलाओं ने एक विशाल प्रदर्शन किया। वे कम वेतन, बेहतर काम करने की परिस्थितियां और वोटिंग के अधिकार की मांग कर रही थीं।

इस आंदोलन ने पूरे विश्व का ध्यान खींचा और 1910 में डेनमार्क के कोपेनहेगन शहर में एक अंतरराष्ट्रीय महिला सम्मेलन हुआ। इस सम्मेलन में जर्मनी की समाजवादी नेता क्लारा जेटकिन ने यह प्रस्ताव रखा कि हर साल एक दिन महिलाओं के अधिकारों और समानता के लिए समर्पित किया जाना चाहिए। इस विचार को कई देशों ने अपनाया और 1911 में पहली बार ऑस्ट्रिया, डेनमार्क, जर्मनी और स्विट्जरलैंड में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया।

8 मार्च को ही क्यों मनाया जाता है महिला दिवस?  

1917 की रूसी क्रांति के दौरान महिलाओं ने 8 मार्च को बड़े स्तर पर प्रदर्शन किया. उन्होंने युद्ध और शोषण के खिलाफ आवाज उठाई और सरकार को झुकने पर मजबूर कर दिया. इस आंदोलन के परिणामस्वरूप, रूस में महिलाओं को वोटिंग का अधिकार मिला. इसी वजह से 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में चुना गया. बाद में, संयुक्त राष्ट्र (UN) ने 1977 में आधिकारिक रूप से 8 मार्च को महिला दिवस घोषित कर दिया. तब से यह दिन महिलाओं की समानता, स्वतंत्रता और अधिकारों के लिए समर्पित हो गया.

महिला दिवस क्यों है इतना खास?  

आज भी महिलाएं कई चुनौतियों का सामना कर रही हैं. लैंगिक असमानता, घरेलू हिंसा, वेतन में भेदभाव और महिला शिक्षा जैसे मुद्दे अभी भी मौजूद हैं. ऐसे में यह दिन हमें याद दिलाता है कि हमें महिलाओं के लिए एक समान, सुरक्षित और सशक्त समाज बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने होंगे.  

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2025 की थीम  

हर साल महिला दिवस एक खास थीम के साथ मनाया जाता है. 2025 की थीम 'Accelerate Action' (तेजी से कार्य करना) रखी गई है, जिसका उद्देश्य महिलाओं की प्रगति को गति देना और उनकी आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करना है.