Breaking News

'मिशन दृष्टि' की कामयाबी पर बोले PM मोदी- युवाओं ने कर दिखाया कमाल     |   ईरान और ओमान के विदेश मंत्रियों की फोन पर बातचीत, क्षेत्रीय हालात पर चर्चा     |   झारखंड कांग्रेस की 36 सदस्यीय राजनीतिक समिति गठित     |   ईरान और जर्मनी के विदेश मंत्रियों के बीच फोन पर बातचीत, क्षेत्रीय हालात पर चर्चा     |   उरी-बारामूला नेशनल हाईवे पर भूस्खलन, यातायात पूरी तरह बाधित     |  

राजस्थान की 12 सीटों पर मतदान जारी

लोकसभा चुनाव के पहले चरण में राजस्थान की 25 सीटों में से 12 सीटों पर मतदान होंगे। पहले चरण की 12 सीटों के लिए कुल 114 उम्मीदवार मैदान में हैं। चूरू, नागौर, गंगानगर, झुंझुनू, बीकानेर, सीकर, जयपुर ग्रामीण, जयपुर, अलवर, भरतपुर, करौली-धौलपुर और दौसा सीटों पर मतदान होंगे।

राजस्थान में दो चरणों के लोकसभा चुनाव में 2.54 करोड़ से अधिक वोटर हैं। एडीजी लॉ एंड ऑर्डर विशाल बंसल ने बताया था कि पहले चरण में कुल 23,000 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए लगभग 75,000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। पहले चरण में संवेदनशील बूथों की संख्या 10 हजार है।

भारतीय जनता पार्टी ने 2014 में अपने दम पर राजस्थान की सभी 25 सीटें जीतीं थीं। 2019 में एनडीए ने सभी 25 सीटें जीतीं थीं, जिसमें से बीजेपी ने 24 और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने एक सीट जीती थी। नागौर में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के उम्मीदवार और पूर्व सांसद हनुमान बेनीवाल का बीजेपी उम्मीदवार और पूर्व कांग्रेस सांसद ज्योति मिर्धा से कड़ा मुकाबला है।

बेनीवाल ने 2019 के चुनाव में बीजेपी के समर्थन से मिर्धा को हराया था, जो उस समय कांग्रेस की उम्मीदवार थीं। हालांकि, बेनीवाल 2020 में किसान आंदोलन के मुद्दे पर एनडीए से अलग हो गए थे। चूरू लोकसभा क्षेत्र में पूर्व बीजेपी सांसद राहुल कस्वां बीजेपी उम्मीदवार और पैरालंपिक देवेंद्र झाझरिया के खिलाफ कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं।

दलित नेता और केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, जो 2009 से बीकानेर लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, चौथी बार संसदीय चुनाव लड़ रहे हैं। वो कांग्रेस उम्मीदवार और पूर्व राज्य मंत्री गोविंद राम मेघवाल के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। सीकर में, इंडिया गठबंधन की सहयोगी सीपीआई (एम) ने बीजेपी सांसद सुमेदानंद सरस्वती के खिलाफ पूर्व विधायक अमरा राम को मैदान में उतारा है।अमराराम दांता रामगढ और धोद सीट से विधायक रह चुके हैं। सीकर राजस्थान कांग्रेस प्रमुख गोविंद सिंह डोटासरा का गृहनगर है। सीकर के आठ विधानसभा क्षेत्रों में से पांच कांग्रेस के पास हैं।