Breaking News

अगर आज लोकसभा चुनाव हुए तो इंडिया ब्लॉक को 185 सीटें संभव: MOTN सर्वे     |   WB: TMC का पुलिस पर अभिषेक बनर्जी-डेरेक ओ'ब्रायन के साथ मारपीट का आरोप     |   47% लोगों ने कहा कि परिसीमन से जोड़े बिना महिला आरक्षण लागू हो: MOTN सर्वे     |   47% ने कहा राम मंदिर चढ़ावा चोरी का केंद्र-राज्य सरकारों पर नकारात्मक असर: MOTN     |   MOTN सर्वे में 70 फीसदी लोगों ने 'एक देश, एक चुनाव' का समर्थन किया     |  

लापता MBA छात्रा का निर्वस्त्र शव ‘प्रेमी’ के घर मिला, युवती के पिता ने लगाए गंभीर आरोप

Indore: इंदौर में पिछले दो दिन से लापता एमबीए की 24 साल की छात्रा का शव उसके कथित प्रेमी के घर पर निर्वस्त्र हालत में मिला, पुलिस के एक अधिकारी ने ये जानकारी दी। पुलिस को संदेह है कि युवती की गला घोंटकर हत्या की गई। युवती के पिता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने आपत्तिजनक तस्वीरें सार्वजनिक करने की धमकी देकर उसकी बेटी से धन ऐंठने को कोशिश की और यातनाएं देकर उसे जान से मार दिया।

पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) श्रीकृष्ण लालचंदानी ने बताया कि द्वारकापुरी में लोगों ने एक बंद घर से बदबू आने की सूचना दी, जिसके बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को संदिग्ध हालात में 24 साल की युवती का निर्वस्त्र शव मिला। उन्होंने बताया कि युवती शहर के एक निजी महाविद्यालय में मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (एमबीए) की पढ़ाई कर रही थी और उसका शव उसके सहपाठी व कथित प्रेमी के किराये के घर में मिला।

लालचंदानी ने कहा कि ऐसा लग रहा है कि युवती की मौत दो दिन पहले हो चुकी है और गला घोंटकर उसकी हत्या की गई है, हालांकि पोस्टमार्टम के बाद इसकी पुष्टि हो सकेगी। डीसीपी ने बताया कि युवती पिछले दो दिन से लापता थी और उसके परिजन ने पंढरीनाथ थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

लालचंदानी ने बताया कि युवती का कथित प्रेमी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया, ‘‘हमें संदेह है कि प्रेम संबंधों में किसी खटास के चलते युवती की हत्या की गई।’’ इस बीच, युवती के पिता ने बताया कि उनकी बेटी जन्मदिन समारोह में शामिल होने की बात कहकर 11 फरवरी को घर से रवाना हुई थी।

उन्होंने कहा,‘‘मैंने बेटी के मोजों से उसके शव की पहचान की।” पिता ने आरोप लगाया कि मूल रूप से मंदसौर के रहने वाले सहपाठी युवक ने यातनाएं देकर उनकी बेटी की हत्या की। उन्होंने कहा कि युवक आपत्तिजनक तस्वीरों के आधार पर उनकी बेटी को धमकाकर उससे धन ऐंठने की कोशिश कर रहा था और उसने ये तस्वीरें उसकी बेटी के महाविद्यालय के वॉट्सऐप ग्रुप में डाल दी थीं।