पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा 2026 की तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने इस साल दुर्गा पूजा को लेकर कई बड़े ऐलान किए हैं। महालया के दिन कोलकाता के ईडन गार्डन्स में भव्य कार्यक्रम के साथ दुर्गा पूजा का आधिकारिक शुभारंभ किया जाएगा। इस दौरान खास ड्रोन शो और आतिशबाजी भी होगी।
दुर्गा पूजा की तैयारियों को लेकर सोमवार को आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री ने बताया कि पर्यटन विभाग और सूचना एवं सांस्कृतिक मामलों का विभाग मिलकर महालया पर इस मेगा इवेंट का आयोजन करेंगे। कार्यक्रम में विशेष ड्रोन शो और आतिशबाजी के साथ तीन बड़े एरियल ड्रोन शो भी आयोजित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने दुर्गा पूजा समारोह और विसर्जन जुलूस के दौरान DJ बजाने पर रोक लगाने का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि पूजा आयोजकों, दुकानदारों और आम लोगों को इन दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा। यह फैसला सार्वजनिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लिया गया है।
महाअष्टमी के दिन पूरे पश्चिम बंगाल में ड्राई डे रहेगा। इस दौरान शराब की सभी रिटेल दुकानें और बार पूरी तरह बंद रहेंगे। सरकार ने साफ किया है कि पूरे दिन शराब की बिक्री की अनुमति नहीं होगी। मुख्यमंत्री ने दुर्गा पूजा समितियों के लिए कई श्रेणियों में पुरस्कारों की भी घोषणा की। इनमें बेस्ट आइडल, बेस्ट पंडाल, बेस्ट इको-फ्रेंडली पूजा, बेस्ट क्राउड मैनेजमेंट, बेस्ट पंडाल आर्ट और बेस्ट स्कल्प्टर जैसी श्रेणियां शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि पुरस्कारों के लिए एक स्वतंत्र जजों का पैनल बनाया जाएगा, ताकि चयन निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से हो। सभी पूजा समितियों को मूर्तियों, पंडाल की थीम और सजावट में बंगाल की धार्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत का सम्मान करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, पश्चिम बंगाल पर्यटन विभाग की ओर से जारी AI से तैयार वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर हुई आलोचना पर मुख्यमंत्री ने माफी मांगी। उन्होंने कहा कि वीडियो तैयार करने वालों को सतर्क कर दिया गया है।
इससे पहले पर्यटन मंत्री डॉ. शंकर घोष ने स्पष्ट किया था कि विवादित AI वीडियो केवल लोगो रिवील वीडियो था और यह पश्चिम बंगाल पर्यटन की नई पहचान की मुख्य थीम या ब्रांड स्टोरी को प्रदर्शित नहीं करता था। उन्होंने बताया कि तकनीकी समस्या के कारण कार्यक्रम में पूरा ब्रांड फिल्म नहीं दिखाया जा सका, जिससे गलतफहमी पैदा हुई। वास्तविक ब्रांड फिल्म को उनके और पश्चिम बंगाल पर्यटन विभाग के सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया जा चुका है। राज्य में दुर्गा पूजा की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। इसी क्रम में चोरबागान सार्वजनिक दुर्गोत्सव समिति के 91वें वर्ष की शुरुआत ‘Beyond Sound’ थीम के उद्घाटन के साथ हुई।