Breaking News

पवन सिंह, निशांत कुमार समेत अन्य नव निर्वाचित MLC कल लेंगे शपथ     |   केन्या में विरोध-प्रदर्शन के दौरान पुलिस की गोलीबारी, एक व्यक्ति की मौत     |   झारखंड में बिजली गिरने से दो महिलाओं समेत सात लोगों की मौत     |   मुंबई: स्कूल बस पर गिरा पेड़, 10 छात्र सुरक्षित निकाले गए, एक बच्चे की मौत     |   दिल्ली के परिक्रमा रेस्टोरेंट में लगी आग     |  

शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन उछाल, सेंसेक्स 1,000 अंक चढ़ा

भू-राजनीतिक तनाव कम होने और बड़ी कंपनियों के चुनिंदा शेयरों में खरीदारी से स्थानीय शेयर बाजार गुरुवार को लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में बढ़त के साथ बंद हुए। ईरान-इजराइल के बीच युद्ध विराम से बाजार में उम्मीद बढ़ी और दोपहर के कारोबार के दौरान सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में एक फीसदी से ज्यादा की तेजी आई।

इसके अलावा भारतीय रुपये के मुकाबले डॉलर में कमजोरी के साथ-साथ मेटल और वित्तीय शेयरों में भारी खरीदारी ने भी तेजी को बढ़ावा दिया। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1,000 अंक उछलकर 83,755 पर जबकि एनएसई निफ्टी 304 अंक बढ़कर 25,549 पर बंद हुआ।

सेंसेक्स पैक में टाटा स्टील, बजाज फाइनेंस, भारती एयरटेल, अडाणी पोर्ट्स और इटरनल लिमिटेड सबसे ज्यादा बढ़त में रहे जबकि ट्रेंट लिमिटेड, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, टेक महिंद्रा, मारुति सुजुकी और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज सबसे ज्यादा गिरे। 

क्षेत्रीय मोर्चे पर मीडिया, रियलिटी और आईटी को छोड़कर बाकी सभी सूचकांक मजबूत रहे। तेल और गैस, मेटल, दूरसंचार, निजी क्षेत्र के बैंक, वित्तीय सेवाएं और पावर शेयरों में सबसे ज्यादा बढोतरी देखी गई। एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई और इंडोनेशिया का जकार्ता कंपोजिट बढ़त के साथ जबकि हॉन्गकॉन्ग का हैंग सेंग, चीन का शंघाई कंपोजिट और सियोल का कोस्पी गिरावट के साथ बंद हुए।

गुरुवार को यूरोपीय बाजार बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। बुधवार को वॉल स्ट्रीट मिले जुले नोट पर बंद हुआ। विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बुधवार को 2,427 करोड़ रुपये से ज्यादा की इक्विटी बेची।