Breaking News

PM आवास प्रोटेस्टः राहुल गांधी और अखिलेश यादव को पुलिस ने हिरासत में लिया     |   मध्य प्रदेश विधानसभा से पारित हुआ UCC बिल, CM मोहन यादव बोले- ऐतिहासिक पल     |   राहुल-प्रियंका प्रधानमंत्री आवास के करीब धरने पर बैठे, खड़गे समेत कई कांग्रेस सांसद मौजूद     |   सोनम वांगचुक को तुरंत शिफ्ट करें: दिल्ली हाईकोर्ट     |   राहुल गांधी से बात करने के बाद अमित शाह से मिलने पहुंचे जितेंद्र सिंह, गृह सचिव भी साथ     |  

सिक्किम सुरंग हादसा: PM मोदी ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को सिक्किम के नामची जिले में निर्माणाधीन सुरंग के ढहने से हुई मौतों पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने प्रत्येक मृतक के परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। वहीं, हादसे में घायल लोगों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा, "सिक्किम के नामची में निर्माणाधीन सुरंग के ढहने से हुई जनहानि से बेहद दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। प्रत्येक मृतक के परिजन को PMNRF से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।"

इस बीच, नामची जिले की पुलिस अधीक्षक सोनम डोलमा ने बताया कि सुरंग के अंदर करीब 27 लोगों के फंसे होने की आशंका है, जबकि अब तक 10 शव बरामद किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि अधिकांश शवों की पहचान कर ली गई है, जबकि तीन शवों की पहचान अभी बाकी है। सोनम डोलमा ने कहा कि पहचान किए गए पीड़ितों के परिवारों और अभिभावकों से संपर्क किया जा रहा है, ताकि शवों को उनके परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की जा सके। उन्होंने बताया कि बरामद और पहचाने गए शवों में तीन पश्चिम बंगाल, एक उत्तराखंड, एक असम और एक सिक्किम के नामची जिले का निवासी था।

हादसे के कारणों को लेकर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी और इसके लिए विस्तृत जांच की जरूरत है। उन्होंने कहा कि फिलहाल प्रशासन और बचाव दल का मुख्य लक्ष्य जल्द से जल्द रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा करना है। बचाव अभियान में कई एजेंसियां जुटी हुई हैं। पाकयोंग और सिलीगुड़ी से NDRF की टीमें मौके पर पहुंची हैं। इसके अलावा रंगपो, पाकयोंग और सिंगतम की स्थानीय पुलिस, फायर सर्विस, सिक्किम स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (SSDMA) और अन्य विभाग भी राहत एवं बचाव कार्य में लगे हुए हैं।

भारी बारिश के कारण बचाव अभियान में काफी दिक्कतें आईं। बारिश का पानी सुरंग के अंदर भर जाने से बचाव दल के लिए परिस्थितियां और चुनौतीपूर्ण हो गईं। हालांकि, पानी निकालने के बाद बचाव अभियान दोबारा जारी रखा गया। सुरंग में संभावित ज्वलनशील गैस के रिसाव की खबरों पर एसपी ने कहा कि इसकी पुष्टि के लिए दुर्गापुर और आसनसोल से रासायनिक और गैस विशेषज्ञों की विशेष टीम बुलाई जा रही है। विशेषज्ञों के पहुंचने और जांच करने के बाद ही गैस के प्रकार और रिसाव की स्थिति के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।

वहीं, यह हादसा भूस्खलन के कारण हुआ या नहीं, इस पर भी फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस के अनुसार, उपलब्ध वीडियो फुटेज के आधार पर यह भूस्खलन जैसा प्रतीत नहीं हो रहा है, लेकिन विस्तृत जांच और विशेषज्ञों की रिपोर्ट के बाद ही हादसे के सही कारण का पता चल सकेगा। इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग से फोन पर बात कर स्थिति और जारी बचाव अभियान की जानकारी ली। अमित शाह ने मुख्यमंत्री को बचाव कार्यों में हर संभव सहायता और प्रभावित लोगों को मदद का आश्वासन दिया।

यह हादसा सोमवार को सिक्किम के नामची जिले के समरडुंग में निर्माणाधीन NHPC तीस्ता स्टेज-VI जलविद्युत परियोजना की सुरंग में हुआ था। नामची जिला प्रशासन, NHPC अधिकारियों, SDRF, NDRF, सिक्किम पुलिस, फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभागों के समन्वय से बचाव अभियान जारी है। स्थिति पर सिक्किम स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (SSDMA) लगातार नजर बनाए हुए है।