Breaking News

सिक्किम टनल लैंडस्लाइड में अबतक 9 शव बरामद     |   NEET एग्जाम लीक पर बोले पीएम मोदी, NDA संसदीय दल की बैठक में कहा- जिम्मेदार लोगों पर लिया सख्त एक्शन     |   यूक्रेन के पास मिसाइल हमले में 4 भारतीयों की मौत से भारत नाराज, रूसी राजदूत तलब     |   किसानों को रोकने के लिए बनाई गई 'पत्थरों की दीवार', कुंडली बॉर्डर पर गरमाया माहौल     |   मॉनसून सत्र: राज्यसभा और लोकसभा में हंगामा, कार्यवाही दो बजे तक स्थगित     |  

सिक्किम सुरंग हादसा, 8 मजदूरों की मौत, 27 के फंसे होने की आशंका, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

 

सिक्किम के नामची जिले के सामरदुंग (झोलुंगे) में एनएचपीसी की निर्माणाधीन तीस्ता स्टेज-6 जलविद्युत परियोजना की सुरंग में हुए हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 8 हो गई है। जिला प्रशासन ने मंगलवार सुबह 8:20 बजे तक इसकी पुष्टि की है। हादसे के बाद सुरंग में फंसे मजदूरों को बाहर निकालने के लिए बड़े स्तर पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन के मुताबिक, बरामद किए गए 7 शवों को पोस्टमार्टम और अन्य जरूरी प्रक्रियाओं के लिए सिंगताम जिला अस्पताल, एसटीएनएम अस्पताल गंगटोक और नामची जिला अस्पताल भेजा गया है।

मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तामांग ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल समय में पूरा राज्य शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह खुद राहत और बचाव अभियान पर नजर रख रहे हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन में जिला प्रशासन, एसएसडीएमए, सिक्किम पुलिस, एसडीआरएफ, फायर और इमरजेंसी सर्विस के साथ पाक्योंग और सिलीगुड़ी से पहुंची एनडीआरएफ की टीमें जुटी हुई हैं। सभी एजेंसियां सुरंग में फंसे मजदूरों तक पहुंचने और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश कर रही हैं।

नामची की कलेक्टर अनूपा टमलिंग के मुताबिक, करीब 27 मजदूरों के सुरंग के अंदर फंसे होने की आशंका है। हालांकि, अभी तक इसकी सही संख्या की पुष्टि नहीं हुई है। एनडीआरएफ की एक टीम सुरंग के अंदर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू कर चुकी है। टीम के बाहर आने के बाद ही अंदर फंसे मजदूरों की संख्या और उनकी स्थिति की सही जानकारी मिल सकेगी।

बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर समरदुंग में सुरंग के अंदर गैस लीक होने की घटना हुई थी। इसके बाद सुरंग में काम कर रहे कई मजदूर अंदर फंस गए। प्रशासन और बचाव एजेंसियां लगातार राहत और बचाव अभियान चला रही हैं। मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों को बचाव अभियान में तेजी लाने और सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे शांति बनाए रखें और किसी भी तरह की अपुष्ट या भ्रामक जानकारी न फैलाएं।