Breaking News

CBI ने 'अभय' हेल्पबॉट लॉन्च किया, लोगों को साइबर क्राइम-डिजिटल अरेस्ट से बचाएगा     |   प्रतीक यादव की अस्थियां कल हरिद्वार में प्रवाहित होंगी, अखिलेश-अमन बिष्ट रहेंगे मौजूद     |   'सरकार ₹12.35/Kg की दर से प्याज खरीदेगी', पुणे में बोले कृषि मंत्री शिवराज सिंह     |   जापान में आया जोरदार भूकंप, रिक्टर स्केल 6.6 तीव्रता रही, सुनामी का अलर्ट नहीं     |   MP की धार भोजशाला मामले में हिंदू पक्षकार ने सुप्रीम कोर्ट में केविएट दाखिल की     |  

सेंसेक्स 33 अंक चढ़कर नए शिखर पर, निफ्टी का भी रिकॉर्ड

Mumbai: स्थानीय शेयर बाजारों में तेजी गुरुवार को लगातार दूसरे दिन भी जारी रही और दोनों मानक सूचकांक, बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी, नए शिखर पर पहुंच गए। वैश्विक बाजारों में मजबूत रुख और विदेशी संस्थागत निवेशकों के पूंजी प्रवाह के बीच धातु और दैनिक इस्तेमाल का सामान बनाने वाली (एफएमसीजी) कंपनियों के शेयरों में लिवाली से बाजार नई ऊंचाई पर रहा। 

उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में सेंसेक्स 33.40 अंक यानी 0.05 प्रतिशत की बढ़त के साथ नए रिकॉर्ड स्तर 74,119.39 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय ये 159.18 अंक चढ़ गया था। पचास शेयरों पर आधारित नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 19.50 अंक यानी 0.09 प्रतिशत की बढ़त के साथ 22,493.55 अंक के नए रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ। 

कारोबार के दौरान ये 51.6 अंक तक चढ़ गया था। सेंसेक्स की कंपनियों में टाटा स्टील, जेएसडब्ल्यू स्टील, टाटा मोटर्स, बजाज फिनसर्व, बजाज फाइनेंस, एशियन पेंट्स, आईटीसी और नेस्ले प्रमुख रूप से लाभ में रहीं। दूसरी तरफ नुकसान में रहने वाले शेयरों में महिंद्रा एंड महिंद्रा रिलायंस इंडस्ट्रीज, एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और पावरग्रिड शामिल हैं। 

एशिया के दूसरे बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी लाभ में जबकि जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग नुकसान में रहे। यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में मिला-जुला रुख रहा। अमेरिकी बाजार बुधवार को बढ़त में रहे थे। 

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 2,766.75 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.65 प्रतिशत घटकर 82.42 डॉलर प्रति बैरल रहा। बीएसई सेंसेक्स बुधवार को 408.86 अंक और निफ्टी 117.75 अंक चढ़कर रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद हुए थे।