Breaking News

लखनऊ अग्निकांड: 15 लोगों की मौत वाली बिल्डिंग होगी ध्वस्त, कोर्ट ने जारी किए आदेश     |   बांकीपुर उपचुनाव: अब नीरज कुमार सिन्हा होंगे भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी     |   शिवसेना पार्षद रमेश म्हात्रे को डॉक्टरों से मारपीट केस में 13 जुलाई तक पुलिस कस्टडी     |   चीनी राष्ट्रपति-नॉर्थ कोरियाई प्रीमियर की बैठक में रणनीतिक सहयोग बढ़ाने पर सहमति     |   ED की ओर से बैंक खाते फ्रीज करने पर TMC ने कलकत्ता हाई कोर्ट का रुख किया     |  

दिल्ली के समयपुर बादली में सनसनी, महिला और तीन मासूम बेटियों की गला रेतकर हत्या, पति फरार

दिल्ली के समयपुर बादली इलाके से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां बुधवार को एक घर के भीतर महिला और उसकी तीन मासूम बच्चियों के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। चारों की हत्या किसी धारदार हथियार से गला रेतकर की गई है। पुलिस को शक है कि इस जघन्य हत्याकांड को महिला के पति ने ही अंजाम दिया है, जो फिलहाल फरार है।

यह दर्दनाक घटना समयपुर बादली के चंदन पार्क इलाके की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक घर के अंदर चार लोगों के शव पड़े हैं। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो कमरे का मंजर देखकर दंग रह गई। महिला और उसके तीनों नाबालिग बच्चियों के गले कटे हुए थे और चारों तरफ खून फैला हुआ था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला के पति ने ही कथित तौर पर अपनी पत्नी और बच्चों की बेरहमी से हत्या की और मौके से भाग निकला।

वारदात की गंभीरता को देखते हुए जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, क्राइम टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों को तुरंत मौके पर बुलाया गया। फॉरेंसिक टीम ने घर के अंदर से उंगलियों के निशान और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है ताकि मौत के सटीक समय और तरीके का पता लगाया जा सके।

पुलिस ने इस मामले में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। फरार आरोपी पति को पकड़ने के लिए दिल्ली पुलिस की कई विशेष टीमें गठित की गई हैं। पड़ोसियों और रिश्तेदारों से पूछताछ की जा रही है ताकि हत्या की असली वजह का पता चल सके और फरार आरोपी के संभावित छिपने के ठिकानों का पता चल सके।