Breaking News

दिल्ली: सफदरजंग के पास NDMC गोदाम में आग, दमकल की 8 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं     |   ओडिशा में 1.1 करोड़ इनामी माओवादी दंपती समेत 17 अन्य विद्रोहियों ने सरेंडर किया     |   'यह हादसा नहीं, हत्या है', दिल्ली के जनकपुरी हादसे पर राहुल गांधी का एक्स पोस्ट     |   दिल्ली: जनकपुरी हादसे को लेकर पुलिस ने जल बोर्ड के अधिकारियों पर केस दर्ज किया     |   लखनऊ में निर्माणाधीन होटल में भीषण आग, विभूति खंड थाने के पास बन रहे ताज पैलेस में मची अफरातफरी     |  

भारी बारिश, भूस्खलन के कारण रेलवे ने जम्मू आने-जाने वाली 58 ट्रेनें रद्द कीं

जम्मू संभाग में बारिश-भूस्खलन से बिगड़े हालात के बाद वहां आने-जाने वाली 58 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। इसमें उत्तर प्रदेश आने वाली कई ट्रेनें शामिल हैं। कुछ ट्रेनों को जम्मू से पहले अंबाला में ही रोक दिया गया। ट्रेनें रद्द होने से हजारों यात्री जम्मू और कटरा में फंसे हैं। यात्रियों की सहायता के लिए रेलवे ने जम्मू और कटरा स्टेशन पर हेल्प डेस्क बनाई है। 

रेलवे प्रशासन के मुताबिक जम्मू से आने वाली जम्मूतवी कोलकाता एक्सप्रेस और लखनऊ से जम्मू जाने वाली बेगमपुरा एक्सप्रेस आज निरस्त रहेगी। अमरनाथ एक्सप्रेस और कोलकाता जम्मूतवी ट्रेन का संचालन शुक्रवार को भी नहीं होगा। पिछले सप्ताह लखनऊ से ट्रेनों के जरिए 18700 से अधिक यात्री जम्मू गए हैं। वहां फंसे यात्रियों को निकालने के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने की तैयारी की जा रही है। स्पेशल ट्रेन यात्रियों को जम्मू से दिल्ली तक लाएंगी। दिल्ली से दूसरी ट्रेनों से यात्रियों को लखनऊ लाया जाएगा। 

उत्तर प्रदेश की तरफ आने वाली ट्रेनों में कटरा-ऋषिकेष, जम्मूतवी-वाराणसी, कानपुर सेंट्रल-जम्मूतवी, अमरनाथ एक्सप्रेस, टाटानगर-जम्मूतवी, उधमपुर-छपरा, कटरा-कामाख्या एक्सप्रेस प्रमुख हैं। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि वैष्णो देवी कटरा से 28 अगस्त को चलने वाली 14612 माता वैष्णो देवी कटरा-गाजीपुर सिटी एक्सप्रेस, भागलपुर से 28 अगस्त को चलने वाली 15097 भागलपुर-जम्मूतवी एक्सप्रेस और शहीद कैप्टन तुषार महाजन से 27 अगस्त को चलाई गई 05194 छपरा स्पेशल को निरस्त किया गया है।

यूपी से जम्मू की तरफ जाने वाली ट्रेनों में सिलायदह एक्सप्रेस को लुधियाना, राजगीर-उधमपुर एक्सप्रेस को अंबाला, वाराणसी-जम्मू तवी को जालंधर कैंट, गुवाहाटी-जम्मूतवी को सहारनपुर, छपरा-उधमपुर को जालंधर, कामाख्या-जम्मूतवी को घगवाल, वाराणसी-जम्मूतवी एक्सप्रेस की यात्रा को जालंधर कैंट पर समाप्त कर दिया गया है। उधर से आने वाली ट्रेनों में जम्मूतवी-गुवाहाटी को सहारनपुर, जम्मूतवी-धनबाद को अंबाला कैंट, जम्मूतवी-वाराणसी को जालंधर कैंट पर समाप्त करते हुए वापसी में वहीं से चलाया जा रहा है।

यात्रियों की सुरक्षा के लिए ही ट्रेनें निरस्त की गई हैं। जम्मू, कटरा, पठानकोट और दिल्ली स्टेशन पर हेल्प डेस्क बनाई गई है। जम्मू स्टेशन के हेल्प डेस्क का नंबर 788883911 और दिल्ली स्टेशन के हेल्प डेस्क का नंबर 9717638775 है। ज्यादा जानकारी के लिए यात्री रेलवे की एनटीईएस साइट देख सकते हैं। ट्रेनों के निरस्त होने के बाद विमान कंपनियों ने मांग देखते हुए किराया एकदम बढ़ा दिया है।