Breaking News

कांग्रेस 26 नवंबर को निकालेगी 'संविधान बचाओ' मार्च     |   उत्तर प्रदेश शासन ने देर रात 55 PCS अधिकारियों के तबादले किए     |   हूतियों ने रियाद में किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को बनाया निशाना     |   आज से फिलीपींस की राजधानी मनीला के दौरे पर रहेंगे PM मोदी     |   काला सागर में तीन शिप पर ड्रोन अटैक में क्षतिग्रस्त: रोमानिया     |  

12 साल बाद Roadies में लौटेंगे रघु राम, नए सीजन 'Roadies Rebirth' में दिखेगा बदला हुआ अंदाज

टीवी के चर्चित रियलिटी शो 'रोडीज' में एक बार फिर रघु राम की वापसी होने जा रही है। करीब 12 साल बाद वह इस शो से जुड़ेंगे। इस बार शो का नया सीजन 'रोडीज रीबर्थ' नाम से दर्शकों के सामने आएगा। रघु राम लंबे समय तक अपनी सख्त अंदाज और बेबाक फैसलों के लिए पहचाने जाते रहे हैं। उन्होंने साल 2014 में अपने भाई राजीव राम के साथ शो छोड़ दिया था। उस समय उन्होंने प्रोड्यूसर्स के दखल को इसकी वजह बताया था।

अब नए सीजन के साथ रघु राम भी अपने सफर की नई शुरुआत करने जा रहे हैं। एक प्रेस मीट के दौरान उन्होंने शो के नाम और इस बार प्रतियोगियों के सामने आने वाली चुनौतियों को लेकर बात की।

प्रतियोगियों के लिए आसान नहीं होगा 'रीबर्थ' का मतलब

रघु राम के मुताबिक, 'रीबर्थ' नाम सुनकर शुरुआत में प्रतियोगियों को लग सकता है कि उन्हें दोबारा खेलने या खेल में लौटने का मौका मिलेगा। लेकिन शो में उन्हें जल्द ही इस नाम का असली मतलब समझ आ जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस सीजन में प्रतियोगियों को उन पुराने डर का सामना करना पड़ सकता है, जिन्हें वे पीछे छोड़ चुके हैं। यानी यह केवल खेल में वापसी का मौका नहीं, बल्कि खुद को एक बार फिर चुनौती देने का अनुभव होगा।

तीसरे दशक में नए बदलाव के साथ आगे बढ़ेगा रोडीज

रघु राम ने शो के पुराने सफर का जिक्र करते हुए कहा कि 'रोडीज' ने दो दशक पूरे कर लिए हैं और अब यह अपने तीसरे दशक में प्रवेश कर रहा है। उनके मुताबिक, शो के शुरुआती 10 साल एक अलग फॉर्मेट में चले। इसके बाद गैंग लीडर्स की एंट्री हुई, जिससे शो को नई पहचान और लोकप्रियता मिली।

अब दर्शकों के लिए कुछ नया लाने का समय है। इसी सोच के साथ इस सीजन का नाम 'रीबर्थ' रखा गया है। रघु का मानना है कि लंबे समय से चल रहे शो को आगे बढ़ाने के लिए समय-समय पर बदलाव जरूरी हैं।

6 गैंग लीडर दो टीमों में बंटे नजर आएंगे

'रोडीज रीबर्थ' में इस बार छह गैंग लीडर होंगे और रणविजय सिंहा पूरे शो की कमान संभालेंगे। गैंग लीडर्स को दो टीमों में बांटा गया है, जिन्हें OGs और NewGs नाम दिया गया है। OGs टीम में निखिल चिनप्पा, नेहा धूपिया और प्रिंस नरूला शामिल हैं। वहीं NewGs टीम की जिम्मेदारी अभिषेक मल्हान, बानी जे और बसीर अली को दी गई है।

पिछले सीजन में गुल्लू ने जीता था खिताब

इससे पहले 'MTV रोडीज XX: डबल क्रॉस' का सफर पूरा हुआ था। इस सीजन में कुशल तंवर, जिन्हें गुल्लू के नाम से जाना जाता है, विजेता बने थे। वह एल्विश यादव की टीम का हिस्सा थे।

फिनाले में गुल्लू का मुकाबला प्रिंस नरूला की गैंग के हर्ताज सिंह गिल से हुआ था। आखिरी टास्क में हर्ताज ने इसे 1 मिनट 48 सेकंड में पूरा किया, जबकि गुल्लू ने 1 मिनट 16 सेकंड में टास्क खत्म कर खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल तक पहुंचने के दौरान गुल्लू ने ऋषभ सचदेवा, प्रिया शर्मा और आरडी डेडहा को भी पीछे छोड़ा था।  रघु राम की वापसी और नए गैंग लीडर्स के साथ 'रोडीज रीबर्थ' में इस बार शो का अंदाज पहले से अलग देखने को मिल सकता है।