Breaking News

बैजयंत जय पांडा, डी पुरंदेश्वरी और रेखा वर्मा BJP राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए     |   बीजेपी ने शिव प्रकाश और सौदान सिंह को राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव (संगठन) बनाया     |   PM मोदी ने बीजेपी की नई टीम को बधाई दी, ‘टीम में संगठन का अनुभव, जमीनी जुड़ाव’     |   अमित मालवीय बीजेपी के आईटी सेल और सोशल मीडिया प्रमुख पद से हटाए गए     |   बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दीपक म्हस्के को पार्टी का सोशल मीडिया संयोजक बनाया     |  

अयोध्या पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, राम लला के किए दर्शन

श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के आमंत्रण पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु डेढ़ वर्ष के अंतराल पर दूसरी बार अयोध्या पहुंची। श्री राम मंदिर अयोध्या में श्री राम यंत्र की स्थापना के मौके पर अयोध्या आगमन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने नगर की चाभी सौंपी। अयोध्या एयरपोर्ट पहुंचने पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक व केशव मौर्य सहित अन्य ने उनका भव्य स्वागत किया। एयरपोर्ट से रामजन्मभूमि परिसर तक बने 20 से अधिक सांस्कृतिक मंचों पर लगभग ढाई सौ कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुति दी।

राम जन्मभूमि परिसर में पहुंचने पर भी उनका भव्य स्वागत-सत्कार हुआ। वह राम मंदिर के द्वितीय तल पर श्रीरामयंत्र व रामनाम मंदिर की स्थापना के लिए हो रहे पूजन में शामिल हैं। रामयंत्र के पूजन के पश्चात वह रामलला के दर्शन कर राम परिवार की होने वाली आरती में सम्मिलित होंगी। इसके बाद वो परकोटे का भ्रमण करते हुए निर्मित मां अन्नपूर्णा व मां दुर्गा मंदिर का दर्शन करके नवसंवत्सर समारोह में हिस्सा लेंगी। वह मंदिर निर्माण के कुछ चुनिंदा शिल्पियों (कर्मयोगी) को सम्मानित भी करेंगी और उपस्थित रामभक्तों के समक्ष अपना संबोधन प्रस्तुत करेंगी। इसके बाद वह रामायण कालीन सप्तर्षि मंदिरों में दर्शन करके सामाजिक समरसता का संदेश देंगी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के सुबह लगभग 10:15 बजे विशेष विमान से महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहु़ंचने पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भव्य स्वागत हुआ। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री सूर्यप्रताप शाही सहित महापौर महांत गिरीशपति त्रिपाठी, नगर विधायक वेदप्रकाश गुप्त, मिल्कीपुर विधायक चंद्रभानु पासवान, रुदौली विधायक रामचंद्र यादव, विधायक अभय सिंह सहित अन्य उपस्थि रहे। यहां से वह सड़क मार्ग से होते हुए 15 किलोमीटर दूर रामजन्मभूमि परिसर में पहुंचीं। इस बीच उनका भव्य अभिनंदन हुआ।

20 प्रमुख स्थानों पर बनाए गए सांस्कृतिक मंचों पर ढाई सौ कलाकारों ने अवधी परंपरा के लोकनृत्य, भजन व रामायण आधारित कार्यक्रमों से उनका स्वागत किया। अब वह श्रीरामयंत्र की स्थापना करेंगी और अपराह्न 12:30 बजे आयोजन स्थल पर पहुंचेंगी। परकोटे के बाहर उत्तरी दिशा में आयोजित हो रहे नवसंवत्सर समारोह में वह आध्यात्मिक गुरु मां अमृतानंदमयी ‘अम्माजी’, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के संबोधन के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित करेंगी। आयोजन की समाप्ति के बाद वह भोजन प्रसाद ग्रहण कर लगभग ढाई बजे सप्तर्षि मंदिरों में दर्शन करेंगी। राष्ट्रपति दोपहर 02:40 बजे सड़क मार्ग से एयरपोर्ट के लिए रवाना हो जाएंगी और 03:05 बजे विशेष विमान से आगरा प्रस्थान करेंगी।