दिल्ली में छठ महापर्व को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता खुद घाटों पर होने वाली व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों पर बिजली, पानी, सफाई, सुरक्षा, चिकित्सा और सड़क से जुड़ी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पूजा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को परेशानी नहीं होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को जनसेवा सदन में छठ पूजा की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व लाखों परिवारों की आस्था और परंपरा से जुड़ा है। इसलिए सरकार की जिम्मेदारी है कि हर व्रती और श्रद्धालु को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक माहौल मिले। उन्होंने सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने और किसी भी कमी को तुरंत दूर करने के निर्देश दिए।
सीएम के साथ वरिष्ठ अधिकारी भी कर रहे घाटों का निरीक्षण

छठ पूजा की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए मुख्यमंत्री के अलावा वरिष्ठ अधिकारी और जिलों के डीएम भी घाटों का निरीक्षण कर रहे हैं। इस दौरान छठ पूजा समितियों और संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर बिजली, पानी, सफाई, पहुंच मार्ग और अन्य सुविधाओं की जांच की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को दूर किया जा रहा है।
घाटों पर सुरक्षा से लेकर सफाई तक की व्यवस्था

मुख्यमंत्री के निर्देश पर 16 नवंबर तक सभी घाटों पर कर्मचारियों और जरूरी सुविधाओं की तैनाती सुनिश्चित की गई है। अलग-अलग विभागों को उनकी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
-
दिल्ली पुलिस: घाटों पर सुरक्षा और कानून-व्यवस्था संभालेगी।
-
यातायात पुलिस: श्रद्धालुओं की आवाजाही और वाहनों का संचालन सुचारु रखेगी।
-
नगर निगम और NDMC: घाटों और आसपास के इलाकों में सफाई और कचरा निस्तारण करेंगे।
-
दिल्ली जल बोर्ड: पानी के टैंकर और पेयजल की व्यवस्था करेगा।
-
DUSIB: मोबाइल शौचालय उपलब्ध कराएगा और उनकी सफाई सुनिश्चित करेगा।
-
बिजली विभाग: घाटों और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों पर रोशनी की व्यवस्था करेगा।
घाटों पर डॉक्टर, एंबुलेंस और मेडिकल टीम तैनात

छठ पूजा के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रमुख घाटों पर स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी। स्वास्थ्य विभाग और केंद्रीयकृत दुर्घटना एवं आघात सेवा को डॉक्टरों, पैरामेडिकल कर्मचारियों, प्राथमिक उपचार, मेडिकल कैंप और एंबुलेंस की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी दी गई है। जरूरत पड़ने पर नजदीकी अस्पतालों से भी तुरंत मदद मिलेगी।
छठ के बाद भी जारी रहेगा सफाई अभियान
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि छठ पूजा खत्म होने के बाद भी घाटों की सफाई और निगरानी जारी रखी जाए। संबंधित एजेंसियों को सफाई अभियान चलाने और घाटों की तस्वीरों के साथ अनुपालन रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि दिल्ली में रहने वाले पूर्वांचली परिवारों सहित सभी श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और सम्मान के साथ छठ महापर्व मना सकें। इसके लिए सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करना और जमीन पर उनकी उपलब्धता सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।