तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। बुधवार को तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष के. सेल्वापेरुन्थगई और पार्टी के राज्य प्रभारी गिरीश चोडणकर ने चेन्नई स्थित TVK मुख्यालय में तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) प्रमुख विजय से मुलाकात की और सरकार बनाने के लिए अपना समर्थन दिया।
कांग्रेस के 5 विधायकों और TVK के 108 विधायकों के साथ गठबंधन का आंकड़ा 113 सीटों तक पहुंच गया है, जो बहुमत के लिए जरूरी 118 सीटों से अभी 5 कम है। ऐसे में TVK ने AIADMK के महासचिव एडप्पादी के. पलानीस्वामी (EPS) से भी संपर्क किया है। AIADMK ने चुनाव में 47 सीटें जीती हैं, जिससे TVK को बहुमत हासिल करने में आसानी हो सकती है।
इससे पहले कांग्रेस ने औपचारिक रूप से DMK के साथ अपने पुराने गठबंधन को छोड़ते हुए विजय और उनकी पार्टी TVK को समर्थन देने की घोषणा की थी। पहली बार चुनाव लड़ रही विजय की TVK ने शानदार प्रदर्शन करते हुए DMK और AIADMK जैसी पुरानी पार्टियों को कड़ी टक्कर दी। कांग्रेस की ओर से जारी पत्र में कहा गया कि राज्य की जनता ने TVK को स्पष्ट और मजबूत जनादेश दिया है, इसलिए पार्टी ने उन्हें समर्थन देने का फैसला किया है।
वहीं, DMK नेता सरवनन अन्नादुरई ने कांग्रेस के इस फैसले की आलोचना करते हुए इसे “अल्पदृष्टि” करार दिया और कहा कि कांग्रेस ने INDIA गठबंधन के सहयोगियों के साथ “विश्वासघात” किया है। उन्होंने कहा कि इस फैसले से कांग्रेस की विश्वसनीयता पर सवाल उठे हैं और आने वाले चुनावों में इसका असर देखने को मिल सकता है।