प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को हैदराबाद में लगभग 9,400 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारत एक साथ सुधारों और आधुनिक बुनियादी ढांचे के विस्तार के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं तेलंगाना को देश का प्रमुख विनिर्माण केंद्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी और हजारों नए रोजगार के अवसर पैदा करेंगी।
उन्होंने कहा, "साइबराबाद की ताकत राष्ट्रीय ही नहीं, वैश्विक स्तर पर भी महत्वपूर्ण है। आज यहां से जिन परियोजनाओं की शुरुआत हुई है, वे तेलंगाना को देश का एक बड़ा मैन्युफैक्चरिंग पावरहाउस बनाएंगी।" प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज का भारत एक ओर आर्थिक सुधारों को गति दे रहा है, वहीं दूसरी ओर आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण भी कर रहा है।
उन्होंने कहा, "आज भारत रिफॉर्म्स एक्सप्रेस पर दौड़ रहा है। साथ ही, आधुनिक बुनियादी ढांचे का निर्माण भी तेजी से हो रहा है।" पीएम मोदी ने कहा कि पिछले एक दशक में केंद्र सरकार ने सड़क, रेल और हवाई संपर्क के क्षेत्र में अभूतपूर्व निवेश किया है। उन्होंने बताया कि पिछले 11 वर्षों में तेलंगाना में राष्ट्रीय राजमार्गों का नेटवर्क दोगुना हो गया है।
प्रधानमंत्री ने हैदराबाद-पणजी आर्थिक गलियारे के तहत गुडेबेल्लूर से महबूबनगर तक राष्ट्रीय राजमार्ग-167 को चार लेन बनाने की परियोजना का शिलान्यास किया। इस परियोजना की लागत 3,175 करोड़ रुपये से अधिक है। इससे यात्रा समय लगभग 1 घंटा 30 मिनट कम होगा और ईंधन व वाहन रखरखाव लागत में कमी आएगी।
संगारेड्डी जिले में हैदराबाद-नागपुर औद्योगिक गलियारे के तहत 2,350 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 3,245 एकड़ में ज़हीराबाद औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाएगा। यह परियोजना ऑटोमोबाइल, फूड प्रोसेसिंग, मशीनरी, धातु और विद्युत उपकरण उद्योगों को बढ़ावा देगी और लगभग 10,000 करोड़ रुपये के निवेश को आकर्षित करने की क्षमता रखती है।
प्रधानमंत्री ने वारंगल में लगभग 1,700 करोड़ रुपये की लागत से विकसित पीएम मित्रा पार्क का उद्घाटन किया। यह देश का पहला पूर्ण रूप से कार्यशील पीएम मित्रा पार्क है, जो सरकार की 5F अवधारणा—Farm to Fibre to Factory to Fashion to Foreign—को साकार करेगा। इन सभी परियोजनाओं का उद्देश्य कनेक्टिविटी मजबूत करना, लॉजिस्टिक्स को बेहतर बनाना, निवेश आकर्षित करना और बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित करना है। पीएम मोदी ने कहा कि ये परियोजनाएं तेलंगाना के विकास को नई गति देंगी और भारत की आर्थिक प्रगति में राज्य की भूमिका को और मजबूत करेंगी।