Breaking News

केरलम में पिनाराई विजयन को बड़ी जिम्मेदारी, निर्विरोध चुने गए विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष     |   बिहार ब्लैकआउट: पटना समेत 6 जिलों में शाम 7:15 बजे तक 'बत्ती गुल'     |   दिल्ली: राहुल गांधी ने 10 जनपथ पर तमिलनाडु के कांग्रेस विधायकों से मुलाकात की     |   नीट यूजी पेपर लीक मामले में सीबीआई ने आरोपी की 7 दिन की पुलिस कस्टडी मांगी     |   श्रीलंका में होने वाली ODI ट्राई सीरीज के लिए इंडिया 'ए' टीम का ऐलान हुआ     |  

शेयर बाजार में चार दिन से जारी तेजी थमी, सेंसेक्स 452 अंक टूटा

Stock Market: स्थानीय शेयर बाजार में पिछले चार कारोबारी सत्रों से जारी तेजी पर सोमवार को रोक लगी और इक्विटी बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी गिरावट के साथ बंद हुए। हाल की तेजी के बाद खास तौर से बैंक शेयरों में मुनाफावसूली से बाजार नुकसान में रहा। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 452 अंक गिरकर 83,606 पर जबकि एनएसई निफ्टी 120 अंक टूटकर 25,517 पर बंद हुआ।

सेंसेक्स पैक में एक्सिस बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, मारुति सुजुकी, अल्ट्रा टेक सीमेंट, बजाज फाइनेंस और आईसीआईसीआई बैंक सबसे ज्यादा गिरे जबकि ट्रेंट लिमिटेड, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, इटरनल लिमिटेड और अडाणी पोर्ट्स सबसे ज्यादा बढ़े।

निजी क्षेत्र के बैंक, तेल और गैस, रियलिटी, दूरसंचार और मेटल शेयरों ने बाजार को नीचे खींच लिया जबकि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक, स्वास्थ्य सेवा, वित्तीय सेवाएं, पूंजीगत सामान और मीडिया शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई, चीन का शंघाई कम्पोजिट और सियोल का कोस्पी बढ़त के साथ जबकि हॉन्गकॉन्ग का हैंग सेंग गिरावट के साथ बंद हुए।

यूरोपीय बाजार सोमवार को गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। वॉल स्ट्रीट शुक्रवार को बढ़त के साथ बंद हुआ। विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को 1,397 करोड़ रुपये से ज्यादा की इक्विटी खरीदी।