Breaking News

TMC के 20 बागी सांसदों को सुप्रीम कोर्ट का नोटिस, अयोग्यता मामले में देरी पर मांगा जवाब     |   तरुण तेजपाल को सुप्रीम कोर्ट से झटका, 2 हफ्ते में करना होगा सरेंडर     |   प्याज और चीनी की बढ़ती कीमतों पर दिल्ली CM रेखा गुप्ता ने बुलाई बैठक     |   दिल्ली में अब तक H1N1 के कुल 2308 मामले सामने आए     |   J-K: पुलवामा में सुरक्षाबलों का ऑपरेशन, दो संदिग्ध गिरफ्तार     |  

आरजी कर रेप मामले में शुभेंदु सरकार का बड़ा एक्शन, 3 IPS अधिकारियों को किया गया सस्पेंड

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल मामले में पूर्व कोलकाता पुलिस आयुक्त विनीत कुमार गोयल सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए कई उच्च अधिकारियों को निलंबित भी किया गया है।

हावड़ा में मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि इस संवेदनशील मामले की जांच में गंभीर अनियमितताएं हुई थीं। उन्होंने कहा कि पीड़िता के परिवार को कथित तौर पर पैसे देने की कोशिश किए जाने के भी आरोप हैं, जिसकी जांच की जा रही है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि पूर्व कोलकाता पुलिस आयुक्त विनीत गोयल, इंदिरा मुखर्जी और अभिषेक गुप्ता को निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस मामले से जुड़े उस समय के सभी अधिकारियों को जांच पूरी होने तक पद से हटाया गया है ताकि जांच प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रहे।

उन्होंने यह भी कहा कि मामले की आगे की जांच पश्चिम बंगाल पुलिस और अपराध जांच विभाग (CID) द्वारा की जाएगी। आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में 9 अगस्त 2024 को 31 वर्षीय महिला पीजी ट्रेनी डॉक्टर का शव सेमिनार हॉल में मिला था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म और हत्या की पुष्टि होने के बाद पूरे देश में भारी आक्रोश फैल गया था। डॉक्टरों, छात्रों और आम लोगों ने न्याय की मांग को लेकर व्यापक प्रदर्शन किए थे। अब राज्य सरकार द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ जांच शुरू किए जाने को इस बहुचर्चित मामले में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।