Breaking News

तमिलनाडु: नई पार्टी बनाने की तैयारी में शशिकला, 40 सीटों पर लड़ेंगी चुनाव!     |   DMK नेता शिवाजी कृष्णमूर्ति को दो साल की कैद, RN रवि और खुशबू सुंदर पर की थी आपत्तिजनक टिप्पणी     |   दिल्ली में AQI अब भी 'खराब', तमिलनाडु के तिरुवल्लुर में छाई कोहरे की चादर     |   दिल्ली के बवाना में एनकाउंटर, संदिग्ध के पैर में लगी गोली     |   देशभर में महाशिवरात्रि की धूम, अमित शाह-सीएम योगी ने दी शुभकामनाएं     |  

Mahashivratri 2026: महाशिवरात्रि पर शिवमय हुई वाराणसी, काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन को उमड़ा जनसैलाब

महाशिवरात्रि के पावन मौके पर शिव की नगरी काशी सचमुच शिवमय नजर आई. काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के लिए ऐसा जनसैलाब उमड़ा कि हर गली, हर मोड़ पर सिर्फ भक्ति ही भक्ति दिखाई दी. “हर हर महादेव” के गगनभेदी जयकारों की गूंज, भोर से पहले ही सड़कों पर उमड़ी आस्था की लहर और बाबा के दरबार तक पहुंचने की बेकरारी में घंटों कतार में खड़े श्रद्धालु दिखे.

रात 2:15 से 3:15 बजे तक बाबा विश्वनाथ की मंगला आरती सम्पन्न हुई. इसके बाद तड़के 3:30 बजे आम श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के कपाट खोल दिए गए. जैसे ही कपाट खुले, मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया. इस खास पल का इंतजार कर रहे भक्तों के चेहरे पर अलग ही उत्साह देखने को मिला.

सुबह होते-होते दर्शनार्थियों की संख्या और बढ़ गई. मंदिर के सभी 4 गेटों से श्रद्धालुओं को गर्भगृह तक पहुंचाया जा रहा है. भीड़ को संभालने के लिए जिग-जैग सिस्टम लागू किया गया है, ताकि लाइन व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ती रहे और किसी को परेशानी न हो. भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है. अगले 48 घंटे तक सभी तरह के वीवीआईपी और अन्य पास पर रोक लगा दी गई है. इस दौरान केवल झांकी दर्शन ही कराया जा रहा है. इसका मकसद है कि आम श्रद्धालुओं को ज्यादा से ज्यादा सुविधा मिल सके और दर्शन में किसी तरह की रुकावट न आए.

महाशिवरात्रि के मौके पर सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद है. वाराणसी के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा, “रात से ही यहां लंबी कतारें लगी हुई हैं. पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है. श्रद्धालु सुगमता से कतारों में आगे बढ़ सकें, इसके लिए मंदिर के आसपास के पूरे क्षेत्र में बैरिकेडिंग की गई है. मंदिर में प्रवेश छह द्वारों से दिया जा रहा है. श्रद्धालुओं की आवाजाही पर नजर रखने के लिए लगभग 300 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों का भी उपयोग किया जा रहा है."

श्रद्धालुओं के साथ शालीन व्यवहार सुनिश्चित करने के लिए पुलिस कर्मियों को विशेष व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया है. मंदिर और उसके आसपास करीब 1000 पुलिसकर्मी, सीआरपीएफ की 5 कंपनियां, पीएसी की 7 कंपनियां और एटीएस की 2 कंपनियां तैनात की गई हैं.” वहीं मंदिर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विश्वभूषण मिश्रा ने कहा, “सुबह से ही काशी विश्वनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए उत्कृष्ट व्यवस्थाएं की गई हैं. लंबी कतारें लग गई थीं और मंगला आरती के दौरान बड़ी संख्या में भक्तों ने पूजा-अर्चना में भाग लिया.” कुल मिलाकर महाशिवरात्रि पर काशी में आस्था, उत्साह और सुरक्षा का शानदार संगम देखने को मिल रहा है. भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा है और प्रशासन भी पूरी मुस्तैदी से व्यवस्था संभाल रहा है, ताकि हर श्रद्धालु आसानी से बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर सके.