Breaking News

अमूल के बाद मदर डेयरी ने भी दूध के दाम बढ़ाए, कल से दो रुपये प्रति लीटर महंगा     |   रूस के विदेश मंत्री सर्गेइ लावरोव नई दिल्ली पहुंचे, कल ब्रिक्स समिट में लेंगे हिस्सा     |   केरल CM के नाम का कल होगा ऐलान: जयराम रमेश     |   अमूल ने दूध के दाम दो रुपये प्रति लीटर बढ़ाए     |   बागियों पर AIADMK का बड़ा एक्शन, 29 नेताओं को पद से हटाया     |  

तमिलनाडु चुनाव में हार के बाद CM पद से MK Stalin ने दिया इस्तीफा

द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) प्रमुख एमके स्टालिन ने मंगलवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार के बाद उन्होंने अपना इस्तीफा राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को सौंप दिया। लोक भवन के अधिकारियों के अनुसार, इस्तीफा पत्र औपचारिक रूप से राज्यपाल कार्यालय को भेज दिया गया है और राज्यपाल की मंजूरी के बाद इसकी आधिकारिक पुष्टि की जाएगी।

तमिलनाडु की राजनीति में यह एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है। विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) 234 सदस्यीय विधानसभा में 107 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, जो बहुमत से सिर्फ 11 सीटें कम है। वहीं, DMK को 59 सीटों पर जीत मिली, जो सत्तारूढ़ पार्टी के लिए बड़ा झटका है। इस बीच, थोल थिरुमावलवन, CPI(M) के राज्य सचिव शणमुगम और CPI के राज्य सचिव वीरापांडियन सहित गठबंधन के प्रमुख नेता बुधवार को DMK मुख्यालय में स्टालिन से मुलाकात करेंगे, जहां चुनाव परिणामों के बाद की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

चुनाव में एक बड़ा उलटफेर कोलाथुर सीट पर भी देखने को मिला, जो स्टालिन का गढ़ माना जाता था। यहां उन्हें TVK उम्मीदवार वीएस बाबू ने 8,795 वोटों से हरा दिया। वोट शेयर की बात करें तो TVK को 32% से अधिक, DMK को 24.19% और AIADMK को 21.22% वोट मिले, जो द्रविड़ दलों के लिए गिरावट का संकेत है।

हार के बावजूद स्टालिन ने मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “मैं तमिलनाडु के उन सभी लोगों का दिल से धन्यवाद करता हूं जिन्होंने DMK के नेतृत्व वाले धर्मनिरपेक्ष प्रगतिशील गठबंधन के उम्मीदवारों को वोट दिया। मैं हर एक वोट को विश्वास के अनमोल प्रतीक के रूप में देखता हूं।” उन्होंने बताया कि DMK गठबंधन को 1.54 करोड़ से अधिक वोट मिले और जीतने वाली पार्टी से अंतर सिर्फ 3.52% का रहा। उन्होंने कहा कि जनता का भरोसा उनके लिए मजबूत है। इन चुनाव परिणामों के साथ ही तमिलनाडु में एक बड़े राजनीतिक बदलाव के संकेत मिल रहे हैं और अब TVK सरकार बनाने के लिए सहयोगियों की तलाश कर सकती है।