Lucknow: भारत की लोक संस्कृति, पारंपरिक कलाओं और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लखनऊ में दो दिवसीय ‘देशज उत्सव’ की शुरुआत हो गई है। गोमती नगर स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया पार्क में शुक्रवार को आयोजित इस कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ हुआ। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के अध्यक्ष जयंत खोत, भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. मांडवी सिंह, डॉ. विद्या बिंदु सिंह, उषा अवस्थी, पंडित धर्मनाथ मिश्र और पद्मश्री मालिनी अवस्थी के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर उत्सव का उद्घाटन किया।
योगी सरकार प्रदेश में लोक कलाओं और सांस्कृतिक परंपराओं को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी पहल के तहत देशज उत्सव में देश के अलग-अलग हिस्सों की लोक संस्कृतियों को एक साझा मंच मिला है। उद्घाटन समारोह में अतिथियों ने इसे भारत की सांस्कृतिक विविधता और लोक परंपराओं को करीब से जानने का महत्वपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ लोक कलाकारों को अपनी कला और प्रतिभा दिखाने का मंच भी देते हैं।
सोनचिरैया की 15 वर्षों की सांस्कृतिक यात्रा से प्रेरित देशज उत्सव भारतीय मिट्टी की खुशबू, लोकजीवन की परंपराओं और देश की सांस्कृतिक पहचान को समर्पित है। उत्सव के पहले दिन विभिन्न राज्यों से पहुंचे कलाकारों ने अपनी पारंपरिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।
देश के अलग-अलग राज्यों की लोक कलाओं ने बिखेरे रंग
कार्यक्रम के मंच पर भारत की विविध लोक और पारंपरिक कलाओं की शानदार झलक देखने को मिली। राजस्थान के तेरह ताली, चकरी और घूमर नृत्य ने दर्शकों को आकर्षित किया, तो गुजरात के भवई और महाराष्ट्र की लावणी ने भी खूब तालियां बटोरीं। सिक्किम के याक छम और सिंघी छम, मध्य प्रदेश के गेंड़ी जनजातीय नृत्य और आल्हा-संजू बब्बल की प्रस्तुतियों ने भी समां बांधा।
इसके अलावा पश्चिम बंगाल का पुरुलिया छऊ, पंजाब के लोकगीत, ओडिशा का बोंडा जनजातीय नृत्य, उत्तर प्रदेश का धोबिया लोकनृत्य और नौटंकी तथा केरल की कथकली ने भारतीय संस्कृति के अलग-अलग रंगों को मंच पर साकार किया।
जसवीर जस्सी और सुनील लोधी की गायकी ने जीता दिल
देशज उत्सव के पहले दिन संगीत प्रेमियों के लिए भी खास आकर्षण रहा। बॉलीवुड के लोकप्रिय गायक जसवीर सिंह जस्सी और हनुमान अंश के प्रसिद्ध गायक सुनील लोधी ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। जस्सी के गीतों पर श्रोता झूमते नजर आए, वहीं सुनील लोधी की गायकी ने भी खूब वाहवाही बटोरी।
इस दौरान पद्मश्री मालिनी अवस्थी ने ‘काली बदरिया बरसे’ गीत सुनाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। वहीं जसवीर जस्सी ने ‘नैना मिलाइकै’ और ‘मेरा पिया घर आया ओ रामजी’ जैसे लोकप्रिय गीतों से माहौल को संगीतमय बना दिया। कलाकारों की प्रस्तुतियों के दौरान पूरा परिसर तालियों और उत्साह से गूंजता रहा।
लोक कलाओं के संरक्षण और नई पीढ़ी तक पहुंचाने की पहल
दो दिवसीय देशज उत्सव का मुख्य उद्देश्य देश के विभिन्न हिस्सों की लोक कलाओं का संरक्षण, विकास और प्रचार-प्रसार करना है। इसके जरिए अलग-अलग प्रदेशों की सांस्कृतिक परंपराओं को एक मंच पर लाकर कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर दिया जा रहा है।
उत्सव के दूसरे दिन भी लोकसंगीत, पारंपरिक नृत्य और विभिन्न लोक कलाओं की प्रस्तुतियां आयोजित होंगी। इस आयोजन के माध्यम से भारत की ‘विविधता में एकता’ की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने और समृद्ध लोक विरासत से नई पीढ़ी को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।