Breaking News

मुंबई क्राइम ब्रांच ने 2 ड्रग्स सप्लायर को अरेस्ट किया, करोड़ों का नशीला पदार्थ जब्त     |   ईरान युद्ध के बीच भारत रूसी तेल का आयात दोगुना करके 40 फीसदी तक कर सकता     |   UP: ‘एलपीजी सिलेंडर की जमाखोरी और कालाबाजारी भाजपाई ही कर रहे’, बोले अखिलेश यादव     |   सोनिया गांधी की तबीयत में सुधार, एक या दो दिन में अस्पताल से मिलेगी छुट्टी     |   तमिलनाडु चुनाव: NDA की सहयोगी पार्टी तमिल मनीला कांग्रेस 5 सीटों पर चुनाव लड़ेगी     |  

J&K: बर्फबारी के चलते श्रीनगर एयरपोर्ट पर अब तक 25 उड़ानें रद्द

कश्मीर में बर्फबारी के कारण श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से जाने वाली और यहां आने वाली कई उड़ानें रद्द कर दी गईं। ताजा भारी बर्फबारी के कारण श्रीनगर-जम्मू नेशनल हाईवे भी बंद हो गया है। हाईवे पर काजिगुंड से बनिहाल के बीच भारी बर्फ जमी है, जिसके कारण हाईवे पर ट्रैफिक की आवाजाही बंद है। मशीनों से बर्फ हटाने का काम जारी है।

पश्चिमी विक्षोभ के चलते उत्तर भारत के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी का दौर देखने को मिल रहा है। पहाड़ों में होने वाली बर्फबारी के चलते मैदानी इलाकों में भी एक बार फिर से ठिठुरन बढ़ गई है। यही नहीं, आज यानी मंगलवार 27 जनवरी से एक और पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है, जिसके चलते और बर्फबारी की आशंका है। श्रीनगर मौसम विभाग के अनुसार आगामी 29 जनवरी तक बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रहेगा। फिलहाल बारिश और बर्फबारी से घाटी के लोगों को राहत मिलने के आसार नहीं हैं।

श्रीनगर हवाई अड्डे पर प्रतिकूल मौसम की स्थिति और लगातार बर्फबारी को देखते हुए एयरलाइंस ने आज कुछ उड़ानें रद्द कर दी हैं।’ अब तक कुल 25 उड़ानें रद्द हो चुकी हैं, जिनमें यहां आने वाली और यहां से प्रस्थान करने वाली उड़ानें शामिल हैं। एयरपोर्ट पर जमी बर्फ को हटाने की कवायद जारी है।भारी बर्फबारी को देखते हुए आज यानी मंगलवार 27 जनवरी के लिए इंडिगो और एयर इंडिया की श्रीनगर आने वाली और यहां उड़ान भरने वाली सभी फ्लाइट्स को रद्द कर दिया गया है। यात्रियों को नवीनतम जानकारी और वैकल्पिक व्यवस्थाओं के लिए अपनी-अपनी एयरलाइन के संपर्क में रहने की सलाह दी गई है। उड़ानों के रद्द होने से सैकड़ों पर्यटक कश्मीर में फंस गए हैं, जो वीकेंड और गणतंत्र दिवस की छुट्टियां घाटी में बिताने के बाद लौटने वाले थे।