Breaking News

योग की ऊर्जा से एक हुआ विश्व-पीएम मोदी     |   मेघालय: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 12वें योग दिवस पर किया योग     |   अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर देशभर में विशेष कार्यक्रम और जनभागीदारी अभियान     |   हैदराबाद में आज से TG20 क्रिकेट लीग का आगाज     |   पटना में आज JDU की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक, नीतीश कुमार के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर मुहर संभव     |  

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस: सुनील शेट्टी और नील नितिन मुकेश ने बताया योग का महत्व, PM मोदी की पहल की सराहना

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी और नील नितिन मुकेश ने योग के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों को रेखांकित किया। दोनों कलाकारों ने योग को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए नियमित अभ्यास पर जोर दिया। सुनील शेट्टी ने कहा कि फिट रहने के लिए निरंतरता बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा, "आप जो भी करें, उसे रोजाना करना जरूरी है। कई बार योग लोगों को उबाऊ लग सकता है, लेकिन यह सांस, स्ट्रेचिंग और जीवन से जुड़ा हुआ है। लंबी उम्र और वजन घटाने में केवल सही तरीके से सांस लेना भी मददगार होता है। प्राणायाम और योगासन शरीर को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।"

उन्होंने कहा कि योग किसी विशेष आयु वर्ग तक सीमित नहीं है। "बच्चों के लिए भी योग उतना ही जरूरी है, क्योंकि यह धैर्य बढ़ाता है, सांसों पर नियंत्रण सिखाता है और चिंता व अवसाद जैसी समस्याओं को नियंत्रित करने में मदद करता है।" सुनील शेट्टी ने योग को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा, "योग दिवस की स्थापना के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साबित किया है कि योग भारत की अमूल्य देन है।"

वहीं अभिनेता नील नितिन मुकेश ने मानसिक फिटनेस के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि फिटनेस की शुरुआत स्वयं से होती है। उन्होंने कहा, "अगर आप फिटनेस में विश्वास रखते हैं तो मानसिक रूप से फिट और अनुशासित होना बेहद जरूरी है। योग हमें यही सिखाता है। आज युवा जीवन में बहुत जल्दी सब कुछ हासिल करना चाहते हैं। ऐसे में योग दबाव को संतुलित करने, एकाग्रता बढ़ाने और चिंता को नियंत्रित करने में मदद करता है।"

नील नितिन मुकेश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा, "मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बहुत कुछ सीखता हूं। जिस ऊर्जा के साथ वह देश को आगे बढ़ा रहे हैं, उससे हर कोई प्रेरणा ले सकता है।" उन्होंने अपने फिटनेस रूटीन का जिक्र करते हुए बताया कि उनकी बेटी भी धीरे-धीरे अनुशासित जीवनशैली, सही श्वास अभ्यास और स्ट्रेचिंग को अपनी दिनचर्या में शामिल कर रही है।

इस अवसर पर फिल्म निर्माता अनिल शर्मा ने भी लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, "अगर आप हर दिन योग दिवस मनाएंगे, यानी नियमित योग करेंगे, तो हमेशा फिट रहेंगे। योग दिवस की सभी को शुभकामनाएं।" अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 की थीम "योग फॉर हेल्दी एजिंग" (Yoga for Healthy Ageing) रखी गई है, जिसका उद्देश्य योग के माध्यम से शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन, भावनात्मक मजबूती और स्वस्थ वृद्धावस्था को बढ़ावा देना है।