एटा में गुरुवार देर रात भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। हादसा बागवाला थाना क्षेत्र में गांव कीलरमऊ के पास हुआ। देर रात 11.30 बजे एटा डिपो की खड़ी रोडवेज बस में तेज रफ्तार कैंटर ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में पांच यात्रियों ने अपनी जान गंवा दी, जबकि नौ अन्य घायल हैं। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। मृतक और घायल सभी रोडवेज बस के यात्री हैं।
एटा डिपो की रोडवेज बस फर्रुखाबाद से दिल्ली जा रही थी। रास्ते में तकनीकी खराबी आने पर चालक ने बस को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। बस के यात्री गर्मी अधिक होने पर उतरकर बस के पीछे खड़े थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भिजवाया। अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय ने बताया कि हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार कैंटर का सड़क किनारे खड़ी बस से टकराना हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हादसे में 34 वर्षीय राजेश निवासी दौलतपुर, नवाबगंज फर्रुखाबाद, 29 वर्षीय शैलेश कुमार निवासी उम्मरपुर, नवाबगंज फर्रुखाबाद, 25 वर्षीय सतेन्द्र निवासी भर्रा, थाना स्याना बुलंदशहर, सुखराम निवासी पिलखना फर्रुखाबाद तथा एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई।
घायलों में सुमित निवासी बालोखर, रिशु निवासी कलवाड़ा, सनी निवासी जयसिंहपुर, विक्रांत निवासी नवाबगंज, अतेंद्र निवासी नवाबगंज, विशाल निवासी अचलिया बाकलपुर नवाबगंज फर्रुखाबाद, नितिन कुमार निवासी आवास विकास कालोनी एटा, दक्ष निवासी नई बस्ती मेरठ, तथा एक अज्ञात व्यक्ति शामिल हैं। सभी घायलों का मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी है।