Breaking News

लखनऊ अग्निकांड: घटनास्थल की जांच के बाद SIT टीम ने पीड़ितों के परिजनों से बात की     |   दरगाह के पास दीप जलाने के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंची तमिलनाडु सरकार     |   लखनऊ अग्निकांड: SIT ने शुरू की जांच, मौके पर जुटाए जा रहे सबूत     |   जिस इमारत में गई 15 लोगों की जान, उसे गिराने का आदेश जारी     |   लखनऊ अग्निकांड: जांच के लिए धटनास्थल पहुंची फोरेंसिक टीम     |  

यमुना जल परियोजना पर दिल्ली में आज महाबैठक, सीएम भजनलाल, सीएम सैनी और केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल होंगे शामिल

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंगलवार को नई दिल्ली में आयोजित एक महत्वपूर्ण उच्चस्तरीय बैठक में हिस्सा लेंगे। इस बैठक में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी मौजूद रहेंगे। बैठक का मुख्य एजेंडा यमुना जल परियोजना को लेकर तैयार किए जा रहे मेमोरेंडम ऑफ एग्रीमेंट (एमओए) को अंतिम रूप देना है।

बैठक के दौरान परियोजना से जुड़े विभिन्न तकनीकी और प्रशासनिक बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी तथा एमओए के मसौदे पर सहमति बनाने का प्रयास किया जाएगा। केंद्र, राजस्थान और हरियाणा सरकार इस महत्वाकांक्षी परियोजना को जल्द धरातल पर उतारने के लिए लगातार समन्वय कर रहे हैं।

यमुना जल परियोजना को राजस्थान के शेखावाटी क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। परियोजना के लागू होने के बाद क्षेत्र के लाखों लोगों को पेयजल उपलब्ध कराने के साथ-साथ किसानों को सिंचाई के लिए भी पर्याप्त पानी मिल सकेगा, जिससे कृषि उत्पादन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

यमुना जल समझौते के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए संयुक्त विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर केंद्रीय जल आयोग को भेजी जा चुकी है। अब एमओए को अंतिम रूप मिलने के बाद परियोजना के क्रियान्वयन की दिशा में तेजी आने की संभावना है। बैठक में केंद्र सरकार, राजस्थान जल संसाधन विभाग और हरियाणा सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे। यह बैठक परियोजना को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।