Breaking News

नेपाल के NDRRMA ने भोटेकोशी नदी में बाढ़ की स्थिति को लेकर हाई अलर्ट जारी किया     |   चीन: शी जिनपिंग ने तिब्बत में भूस्खलन के बाद राहत-बचाव कार्यों की समीक्षा की     |   नेपाल बाढ़: प्रधानमंत्री और मंत्रियों की एक महीने की सैलरी आपदा कोष में जमा होगी     |   नेपाल से आई बड़ी खुशखबरी! त्रिशूली हाइड्रो प्रोजेक्ट साइट से रेस्क्यू किए गए 350 मजदूर     |   नेपाल में त्रिशूली हाइड्रोपावर टनल में फंसे 350 मजदूरों का रेस्क्यू, कई भारतीय भी शामिल     |  

शिमला के संजौली हेलीपोर्ट से हेलीकॉप्टर सेवाओं की शुरुआत, कुल्लू, रेकोंग पेयो और चंडीगढ़ से बढ़ेगा हवाई संपर्क

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिमला में संजौली हेलीपोर्ट पर हेलीकॉप्टर सेवाओं की शुरुआत की, जिसे राज्य में हवाई संपर्क और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बड़ा कदम माना जा रहा है। इसके साथ ही संजौली हेलीपोर्ट से कुल्लू में स्थित भुंटर हवाई अड्डे और रेकोंग पेयो में स्थित आईटीबीपी हेलीपैड तक के लिए दैनिक हेलीकॉप्टर उड़ान सेवाओं की शुरुआत हो गई।

इसके अतिरिक्त सप्ताह में तीन दिन यानी सोमवार, शुक्रवार और शनिवार को चंडीगढ़ और संजौली हेलीपोर्ट के बीच भी हेलीकॉप्टर उड़ानों का संचालन किया जाएगा। संजौली से कुल्लू के बीच यात्रा का किराया प्रति यात्री 3,500 रुपये जबकि संजौली से रेकोंग पेयो के बीच 4,000 रुपये है। इसके अलावा संजौली से चंडीगढ़ तक का किराया 3,169 रुपये तय किया गया है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि संजौली–रामपुर–रेकोंग पियो और संजौली–मनाली (एसएएसई हेलीपैड) मार्गों पर भी जल्द ही हेलीकॉप्टर सेवाएं शुरू की जाएंगी। उन्होंने कहा, “इन मार्गों के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) की मंजूरी के लिए प्रस्ताव पहले ही नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) को भेजे जा चुके हैं।”