Breaking News

अयोध्या: चढ़ावा चोरी के आरोपियों के मोबाइल डाटा से 2 करोड़ से अधिक की चोरी के chat मिले     |   राम मंदिर चढ़ावा चोरी के सभी पांच आरोपियों से अयोध्या पुलिस आज करेगी जेल में पूछताछ     |   बेंगलुरु में जल संकट, BWSSB ने कारों और पूल में पीने का पानी इस्तेमाल करने पर रोक लगाई     |   मुंबई में जारी है तेज बारिश, कई जगहों पर जलभराव     |   पद्म विभूषण पंडवानी गायिका तीजन बाई का निधन, रायपुर AIIMS में ली आखिरी सांस     |  

रायपुर में भारी बारिश से हालात बेहाल, कई इलाकों में जलभराव; घरों में घुसा गंदा पानी

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रविवार को रातभर हुई भारी बारिश के बाद कई इलाकों में गंभीर जलभराव हो गया। शहर के कई हिस्सों में सड़कों पर घुटनों से लेकर कमर तक पानी भर गया, जबकि कई घरों में भी गंदा पानी घुस गया। इससे लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। बारिश के कारण कई मोहल्ले तालाब जैसे नजर आए। घरों में दो से तीन फीट तक पानी भर जाने से लोगों का सामान खराब हो गया। रात करीब दो बजे से लोग घरों से पानी निकालने और अपने सामान को सुरक्षित करने में जुटे रहे। कई परिवार पूरी रात सो नहीं सके और बच्चों व बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंतित रहे। कुछ इलाकों में लोगों को पीने के पानी की भी दिक्कत का सामना करना पड़ा।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 4 से 10 जुलाई के बीच छत्तीसगढ़, पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश तथा विदर्भ में व्यापक बारिश होने की संभावना है। आईएमडी ने 6 से 8 जुलाई के दौरान छत्तीसगढ़ में गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी है। इसके अलावा 6-7 जुलाई और 9-10 जुलाई को छत्तीसगढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।